अंतर विभागीय ग्रीष्मकालीन टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में परिचालन एवं यांत्रिक विभाग ने मैच जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई

वाराणसी :- मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देश में एवं मंडल क्रीड़ा अधिकारी बलेन्द्र पाल के नेतृत्व में वाराणसी मंडल क्रीड़ा स्थल में चल रही अंतर विभागीय ग्रीष्मकालीन टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में आज पहला क्वार्टर फाइनल मैच इंजीनियरिंग और यांत्रिक विभाग के बीच तथा दूसरा मैच परिचालन और चिकित्सा विभाग के बीच खेला गया | इंजीनियरिंग विभाग ने पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 182 रन बनाए | इंजीनियरिंग की तरफ से विजय ने 27 बॉल पर छह चौके और तीन छक्के की मदद से 50 रन,सुभाष ने 26 बॉल पर पांच चौके और तीन छक्के की मदद से 44 रन,अखिलेश ने 9 बॉल पर तीन चौके और तीन छक्के की मदद से 28 रन और ऋषभ ने 26 बॉल पर तीन चौके और एक छक्के की मदद से 29 रन बनाए | यांत्रिक विभाग की तरफ से विशाल ने चार ओवर में 21 रन देकर दो विकेट,रोहित ने चार ओवर में 22 रन देकर दो विकेट लिए ऋषभ और सुजीत को एक-एक विकेट प्राप्त हुआ |
183 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए यांत्रिक विभाग की टीम ने प्रशांत श्रीवास्तव और रोहित सिंह की शानदार बैटिंग से 19.3 ओवर में 8 विकेट पर 183 रन बनाकर दो विकेट से मैच जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया | प्रशांत ने 37 बॉल पर छह चौके और तीन छक्के की मदद से 67 रन और रोहित ने 23 बाल पर दो चौके और दो छक्के की मदद से 42 रन बनाए इसके अतिरिक्त कृष ने 16,ऋषभ ने 13 और कमलेश ने 7 रन बनाए | इंजीनियरिंग की तरफ से विजय ने चार ओवर में 23 रन देकर तीन विकेट अश्वनी ने चार ओवर में 28 रन देकर दो विकेट लिए अखिलेश और सुभाष को एक-एक विकेट प्राप्त हुआ | यांत्रिक के रोहित सिंह को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार पूर्वोत्तर रेलवे के क्रिकेट खिलाड़ी सुजीत कुमार यादव के द्वारा दिया गया |
अंतर विभागीय ग्रीष्मकालीन टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में आज दूसरा मैच परिचालन और चिकित्सा विभाग के बीच में खेला गया | परिचालन विभाग ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट पर 303 रन बनाए | परिचालन की तरफ से आशीष सिंह ने 33 बॉल पर छह चौके और 13 छक्के की मदद से 112 रन, अनुराग फिलिप्स ने 44 बॉल पर 15 चौके और 6 छक्के की मदद से 100 रन, रामप्रवेश ने 17 बॉल पर चार चौके और दो छक्के की मदद से 32 रन और मनीष ने 24 बॉल पर छह चौके की मदद से 33 रन बनाए | चिकित्सा विभाग की तरफ से संजय,अमित और रामभुवन ने एक-एक विकेट लिया | 304 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए चिकित्सा विभाग की पूरी टीम 14.4 ओवर में 81 रन बनाकर आउट हो गई परिचालन ने 221 रन से मैच जीत कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया | चिकित्सा विभाग की तरफ से डॉक्टर आशीष गुप्ता में 33 बाल पर चार चौके की मदद से 25 रन और सत्येंद्र ने 16 बॉल पर चार चौके में से 25 रन बनाए | परिचालन की तरफ से गजानन ने चार ओवर में 18 रन देकर 6 विकेट तथा रामप्रवेश ने चार ओवर में 18 रन लेकर तीन विकेट लिए | परिचालन विभाग के आशीष सिंह को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मंडल चिकित्साधिकारी डॉ आशीष गुप्ता के द्वारा दिया गया |


















