अपराधवाराणसी/उत्तरप्रदेश

“रिंग रोड पर दबंगों का तांडव!” राजस्व निरीक्षक से लूट, मोबाइल व दस्तावेज लेकर फरार बदमाश

IMG-20260127-WA0039
previous arrow
next arrow

वाराणसी। जिले के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में रिंग रोड के पास लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बेखौफ बदमाशों ने एक राजस्व निरीक्षक को निशाना बनाते हुए उनका मोबाइल फोन और जरूरी दस्तावेज छीन लिए और मौके से फरार हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, हरहुआ क्षेत्र के कोइराजपुर निवासी कृष्ण कुमार सिंह, जो औराई तहसील में राजस्व निरीक्षक (रजिस्ट्रार कानूनगो) के पद पर तैनात हैं, गुरुवार शाम करीब 6 बजे ड्यूटी खत्म कर वाराणसी लौट रहे थे। जैसे ही वह रिंग रोड से लगभग 100 मीटर पहले रखौना गांव के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।

अचानक हुए हमले से वह संभल भी नहीं पाए कि बदमाश उनका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार, मोबाइल में दो सिम कार्ड लगे थे और उसके कवर में कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी रखे हुए थे, जिन्हें बदमाश अपने साथ ले गए।

घटना के बाद कृष्ण कुमार सिंह ने मिर्जामुराद थाने में लिखित तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है। उन्होंने पुलिस से मोबाइल को सर्विलांस पर लगाकर जल्द बरामद करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की गुहार लगाई है।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई करने का दावा किया जा रहा है।

रिंग रोड जैसे व्यस्त इलाके में इस तरह की वारदात ने आम लोगों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक इन बेखौफ लुटेरों को सलाखों के पीछे पहुंचा पाती है।

Sallauddin Ali

50% LikesVS
50% Dislikes

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button