बस्ती में नाले का गंदा पानी सड़कों पर, लोगों का जीना दुश्वार

मिर्जामुराद में सफाई व्यवस्था चरमराई, बच्चों और बुजुर्गों में बढ़ रही बीमारियाँ
मिर्जामुराद वाराणसी। ग्राम गौर के मिर्जामुराद थाने के पीछे बस्ती में नाले की खराब स्थिति ने लोगों को परेशान कर रखा है। पानी निकासी के लिए बनाई गई नाली की नियमित सफाई न होने से वह पूरी तरह जाम हो गई है। नतीजतन घरों का गंदा पानी सीधे सड़कों पर बह रहा है और बस्ती का अधिकांश हिस्सा बदबू और गंदगी से घिरा हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि कुछ वर्ष पहले निकासी की समस्या को देखते हुए नाली का निर्माण कराया गया था। लेकिन एक दबंग प्रवृत्ति के व्यक्ति द्वारा नाली को खुला छोड़ देने और देखभाल न होने से उसमें मिट्टी और बालू भरता गया। समय रहते सफाई न होने के कारण नाली जाम हो चुकी है, जिससे लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
गंदा पानी सड़कों पर लगातार बहने से इलाके में मच्छरों और मक्खियों का प्रकोप बढ़ गया है। इससे छोटे बच्चों और बुजुर्गों में बीमारियाँ बढ़ रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि इस समस्या से पूरी तरह बेखबर हैं और अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत और जिम्मेदार अधिकारियों से नाले की तत्काल सफाई, मरम्मत और नियमित निगरानी की मांग की है, ताकि बस्ती को फैल रही गंदगी और बीमारी से राहत मिल सके।





