बच्चों के झगडे मे कूड़े बड़े, हो गयी हिंसक झड़प 15 हिरासत मे, 45 का चालान

पीरान कलियर / उत्तराखंड,,,,मामला हरिद्वार जिले के पिरान कलियर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, गांव में बच्चे आपस में खेल रहे थे, तभी किसी बात को लेकर उनमें बहस हो गई। मामला तब बिगड़ा जब बच्चों के परिजन मौके पर पहुंचे और कहासुनी गाली-गलौज में बदल गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प शुरू हो गई, जिसमें महिलाएं भी शामिल रहीं।
विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पिरान कलियर थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार ने बताया कि घायल लोगों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल 15 लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि झगड़ा एक ही समुदाय की विभिन्न बिरादरियों के बीच हुआ है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। साथ ही 45 लोगों का चालान धारा 126/135 के तहत किया गया है। पुलिस गांव की गतिविधियों पर करीबी निगरानी बनाए हुए है।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि झगड़े की सूचना पर तत्काल कार्रवाई की गई। दोनों पक्षों के 15 लोगों को हिरासत में लिया गया है और प्रारंभिक जांच के आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी को भी माहौल खराब करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में तनाव का माहौल है। हालांकि, पुलिस और प्रशासन की मुस्तैदी से फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।





