नगर विकास एवं ऊर्जा श्री मंत्री ए. के.शर्मा ने अपने प्रभार जनपद भदोही भ्रमण के दौरान कलेक्ट्रेट सभागार में शहीद धीरज गुप्ता को नमन कर,दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि

प्रभारी मंत्री श्री शर्मा की अध्यक्षता में कोर कमेटी की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न
कोई भी मजरा अविद्युतीकरण न रह जाए-ऊर्जा मंत्री श्री ए के शर्मा
जनहित और प्राथमिकता आधारित कार्यवाही पर जोर
समयबद्धता और पारदर्शिता के साथ विकास कार्यों को करें पूर्ण
लखनऊ,22 फरवरी 2026
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री तथा भदोही जनपद के प्रभारी मा. मंत्री ए. के. शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में शहीद धीरज गुप्ता को नमन कर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई, तत्पश्चात कोर कमेटी की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद के महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की गई। मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि सरकार की मंशा जनहित के कार्यों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ाने की है।
मंत्री ए के शर्मा ने कहा कि जनपद भदोही के जेठूपुर/भवानीपुर के शहीद धीरज कुमार गुप्ता का बलिदान सदैव राष्ट्र को प्रेरणा देता रहेगा। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें। मा. मंत्री एके शर्मा, मा.सांसद डॉ विनोद बिंद, मा. जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, मा. विधायक औराई दीनानाथ भास्कर, मा. विधायक ज्ञानपुर विपुल दुबे, जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, जिलाधिकारी शैलेष कुमार, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक, संबंधित विभागों के अधिकारीगण, जनप्रतिनिधि सहित सभी कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट सभागार में दो मिनट का मौन धारण कर उनकी आत्मा की शान्ति के लिए प्रार्थना किया।
आगामी ग्रीष्मकाल के दृष्टिगत ऊर्जा मंत्री श्री शर्मा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि विद्युत आपूर्ति रोस्टर के अनुरूप नियमित एवं निर्बाध रूप से सुनिश्चित कराई जाए, ताकि आमजन को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। विद्युत ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि को बढ़ाएं। कोई भी मजरा अविद्युतीकरण न रह जाए। पूर्व में उनके द्वारा इटहरा में विद्युत उपकेंद्र की घोषणा पर उन्होंने जल्द ही कार्य शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान बिजली की मांग बढ़ जाती है, ऐसे में विभागीय अधिकारी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। ट्रांसफॉर्मर, फीडर और लाइन की नियमित जांच कर आवश्यक मरम्मत कार्य समय से पूर्ण कराया जाए। शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए कंट्रोल रूम को सक्रिय रखते हुए फील्ड स्तर पर टीमों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि नागरिकों को राहत मिल सके।
बैठक में जिला प्रशासन, नगर विकास, ऊर्जा, लोक निर्माण, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, समाज कल्याण, पेयजल, सिंचाई तथा अन्य विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यों की वर्तमान स्थिति, प्रगति एवं चुनौतियों का विवरण प्रस्तुत किया। मा. मंत्री ने सभी बिंदुओं पर चर्चा करते हुए निर्देश दिए कि जिन योजनाओं का सीधा संबंध जनता की सुविधा और क्षेत्र के विकास से है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर त्वरित गति से पूरा किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी या लापरवाही स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जमीनी स्तर पर कार्य की वास्तविक स्थिति की नियमित निगरानी, फील्ड विजिट और जनसंपर्क के माध्यम से समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
प्रभारी मंत्री ने ऊर्जा विभाग की योजनाओं, पेयजल आपूर्ति, सड़क निर्माण, शहरी सुविधाओं, विद्युत वितरण, स्वास्थ्य सेवाएँ, सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर विशेष रूप से चर्चा की। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आम जनता को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराना है, इसलिए प्रत्येक विभाग परिणाम आधारित कार्यशैली अपनाए।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन परियोजनाओं में बाधाएं आ रही हैं, उनके समाधान के लिए तत्परता से कार्रवाई की जाए तथा विभागीय समन्वय को मजबूत करते हुए सभी कार्य समय सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, विधायक औराई दीनानाथ भास्कर, मा. विधायक ज्ञानपुर विपुल दुबे, पूर्व विधायक रविंद्र नाथ त्रिपाठी,जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, जिलाधिकारी शैलेष कुमार, पुलिस अधीक्षक डॉ अभिमन्यु मांगलिक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी संतोष कुमार चक, आदि प्रमुख अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
























