दुकान पर पहुंचा युवक, तमंचा दिखाकर व्यापारी की पत्नी को दी जान से मारने की धमकी
दुकान पर पहुंचा युवक, तमंचा दिखाकर व्यापारी की पत्नी को दी जान से मारने की धमकी
नजीबाबाद (बिजनौर), संवाददाता।
नजीबाबाद कोतवाली क्षेत्र में एक महिला व्यापारी को तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने घटना की शिकायत पर कार्रवाई न होने के बाद न्यायालय की शरण ली, जिसके आदेश पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।





मिली जानकारी के अनुसार, चौक बाजार निवासी भारती वर्मा पत्नी नृपेंद्र कुमार वर्मा ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि 12 अगस्त 2025 की दोपहर करीब 1:30 बजे, मोहल्ला बालकराम निवासी लवी अग्रवाल पुत्र हरिओम अग्रवाल उनकी दुकान पर पहुंचा और धमकी देते हुए कहा कि यदि मुकदमा संख्या 177/2025 वापस नहीं लिया गया तो वह उन्हें रास्ते में उठा ले जाएगा और जान से मार देगा।
आरोप है कि युवक ने अपनी शर्ट उठाकर पेट पर तमंचा दिखाते हुए गाली-गलौज भी की। विरोध करने पर धमकाते हुए फरार हो गया। घटना का CCTV फुटेज भी शिकायतकर्ता के पास मौजूद बताया गया है।
पीड़िता ने बताया कि पति की बीमारी के कारण वह तत्काल थाने नहीं पहुंच सकी, परंतु बाद में दी गई शिकायत पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने न्यायालय का दरवाज़ा खटखटाया। न्यायालय के आदेश पर नजीबाबाद पुलिस ने मुकदमा संख्या 0380/2025 धारा 351(2) व 352 भारतीय न्याय संहिता, 2023 के तहत दर्ज कर लिया है।
जांच का दायित्व उपनिरीक्षक विनोद कुमार को सौंपा गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और दोषी के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।





