एस टी एफ ने अवैध हथियारों के ज़खीरे के साथ किया एक युवक को गिरफ्तार

ऊधम सिंह नगर / उत्तराखंड (रिज़वान अहसन ),,,,,उधम सिंह नगर में सक्रिय अवैध असलहा सप्लाई गिरोह पर एसटीएफ व स्थानीय पुलिस ने बड़ा वार किया है। संयुक्त कार्रवाई में बाजपुर के रहने वाले एक युवक को चार विदेशी सेमीऑटोमैटिक पिस्टल, 12 बोर की दुनाली बंदूक और बड़ी संख्या में जिंदा कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया गया। काशीपुर फ्लाईओवर के नीचे बिछाए गए जाल में आरोपी पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन घेराबंदी में दबोच लिया गया।
एसटीएफ प्रभारी निरीक्षक महेंद्र पाल सिंह अपनी टीम—एसआई बृजभूषण गुरुरानी, एएसआई प्रकाश भगत, हेड कां. सुरेंद्र सिंह कनवाल, दुर्गा सिंह, गोविंद सिंह, जगपाल सिंह, रियाज अख्तर व कां. गुरवंत सिंह—के साथ देहरादून मुख्यालय से मिले चेकिंग आदेशों के अनुपालन में रुद्रपुर क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाए हुए थे।
इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि बाजपुर का युवक मोटरसाइकिल से भारी मात्रा में अवैध असलहा लेकर वसुंधरा कॉलोनी क्षेत्र में डिलीवरी के लिए पहुंचने वाला है।सूचना पर तुरंत कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोज रतूड़ी को अवगत कराया गया। रतूड़ी, एसआई प्रियांशु जोशी, देवेंद्र सिंह मेहता और एएसआई अमित कुमार के साथ गाबा चौक पहुंचे और काशीपुर फ्लाईओवर के नीचे घेराबंदी कर ली।करीब कुछ देर बाद काशीपुर की ओर से आती मोटरसाइकिल पर सवार युवक को मुखबिर ने पहचान लिया। रोकने पर युवक घबरा गया और बाइक मोड़कर वापस जाने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया।
इसी दौरान काशीपुर से एसआई जगदीश चन्द्र तिवारी, कां. नरेन्द्र सिंह और गिरजा शंकर की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
पूछताछ में आरोपी की पहचान मौ. आसिम (32 वर्ष) पुत्र शकील अहमद, निवासी ग्राम धनसारा, बाजपुर के रूप में हुई।
तलाशी में मिले हथियार—
4 विदेशी सेमीऑटोमेटिक पिस्टल (.32 बोर)
1 दुनाली बंदूक (12 बोर)
10 जिंदा कारतूस (.32 बोर)
30 जिंदा कारतूस (12 बोर)
हथियारों की इतनी बड़ी खेप मिलने से पुलिस भी सतर्क हो गई है। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 (1-बी)ए में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी मोटरसाइकिल भी सीज कर दी गई है।
पूछताछ में आरोपी ने अभी तक डिलीवरी के असली ग्राहक का नाम नहीं उगला है, जिससे पुलिस मानकर चल रही है कि मामला बड़ा है और आरोपी के पीछे पूरा गैंग सक्रिय है।





