यूक्रेन की सेना का दावा- रूस ने किए 30 से अधिक हमले, नागरिक और सैन्य बुनियादी ढांचे को नुकसान

AIRA NEWS NETWORK – यूक्रेन पर रूस का हमला लगातार जारी है. रूस ने यूक्रेन में नागरिकों और सैन्य बुनियादी ढांचे को टारगेट किया. न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक यूक्रेन की सेना (Ukraine Military) ने दावा किया है कि रूस ने यूक्रेन पर 30 से अधिक हमले किए हैं. जिसमें नागरिक और सैन्य बुनियादी ढांचे (Civilian And Military Infrastructure) को काफी नुकसान पहुंचा है. कैलिबर क्रूज मिसाइल (Kalibr Cruise Missiles) से भी हमला किया गया है.
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार सुबह को यूक्रेन के खिलाफ सैन्य कार्रवाई के आदेश दिए थे. जिसके बाद हमले किए जा रहे हैं. यूक्रेन पर रूसी हमले में कई लोगों के हताहत होने की खबर है. न्यूज एजेंसी एएफपी के मुताबिक पुतिन की घोषणा के बाद ही यूक्रेन की राजधानी कीव और कई दूसरे शहरों में धमाके की आवाज सुनी गई थी.
‘रूस ने नागरिक और सैन्य बुनियादी ढांचे को किया टारगेट’
यूक्रेन राष्ट्रपति कार्यालय के सलाहकार ने कहा कि रूस के साथ जंग में उसके 40 सैनिक मारे गए हैं जबकि दर्जनों घायल हैं. न्यूज एजेंसी रायटर्स के हवाले से ये जानकारी सामने आई है. बता दें कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार को यूक्रेन पर पूर्ण तरीके से आक्रमण शुरू किया. इस आक्रमण के कारण वहां रह रहे कई लोगों को पलायन करना पड़ा है. 40 यूक्रेनी सैनिकों और कम से कम 10 नागरिकों के मारे जाने की खबर है. रूस की ओर से हवाई हमलों ने देशभर में सैन्य सुविधाओं को प्रभावित किया है. पश्चिमी देशों ने रूस के इस कदम की कड़ी निंदा की और कड़े प्रतिबंधों की चेतावनी दी जा रही है.
यूक्रेन और रूस के बीच जंग:
उधर, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) ने कहा कि वर्तमान घटनाओं का यूक्रेन और यूक्रेनी लोगों के हितों का उल्लंघन करने की इच्छा से कोई लेना-देना नहीं है. वे रूस को उन लोगों से बचाने से जुड़े हैं जिन्होंने यूक्रेन को बंधक बना लिया है और हमारे देश के खिलाफ इसका इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहे हैं. न्यूज एजेंसी AFP के मुताबिक यूक्रेन ने भी दावा किया है कि उसने रूस के 50 जवानों को मार गिराया है. साथ ही रूस के 5 फाइटर जेट और 2 हेलिकॉप्टर भी मार गिराए हैं.


















