फतेहपुर – विजयीपुर ब्लाक के कुकरा प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षक का एक वीडियो सोशल मीडिया में बेहद तेजी से वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि शिक्षक नशे में धुत होकर विद्यालय आया है! वीडियो वायरल करने वालों को शायद शिक्षक के कर्तव्य नहीं पता हैं। किसी को नशेड़ी कहने से पहले दोनों पक्ष समझ लेना बेहद जरूरी होता है। जांच में पता चला है कि आरोपित शिक्षक के पिता का बीते दिनों निधन हो गया था। पिता की मौत के बाद से वह सदमे में रहने लगे। प्रयागराज में एक मनोचिकित्सक से उनका इलाज चल रहा है। दवा खाने के बाद कुछ देर के लिए सुस्ती आ जाती है।
अब बात की जाए वायरल वीडियो की, जिसमे बताया जाता है कि तीन-चार बच्चों को शरारत करने पर विद्यालय के हेड मास्टर ने पीटा था। उन बच्चों ने अपने अभिभावकों को पिटाई का कारण सही नहीं बताया। उनके अभिभावक विद्यालय में हंगामा करने का मौका तलाश रहे थे। इसी बीच गांव के ही रहने वाले एक युवक ने मौका तलाशते हुए शिक्षक अमित श्रीवास्तव को इंटरवेल में सुस्ताते हुए पकड़ लिया। शिक्षक द्वारा वीडियो बनाने तथा बिना अनुमति कार्यालय में घुसने का विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई।
बैग में रखे नकदी व मोबाइल छीनकर युवक भाग गया। किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए बच्चों को धमका कर उनका वीडियो बनाया। जिसे सोशल मीडिया में बेहद तेजी से वायरल किया जा रहा है। सोशल मीडिया में पत्रकारिता करने वाला एक कथित गिरोह इस मौके को भुनाने में लगा है। गांव जाकर कई कथित पत्रकार इस मामले को अवसर में बदलने के फिराक में हैं।
रिपोर्ट – सर्वेश सक्सेना






