
जयपुर – मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मेजर ध्यानचंद स्टेडियम योजना के तहत हनुमानगढ़ जिले के नोहर में इंडोर स्टेडियम निर्माण के लिए राज्यांश के रूप में 50 लाख रूपए प्रदान करने की मंजूरी दी है।
गहलोत के इस निर्णय से नोहर में इंडोर स्टेडियम का निर्माण संभव हो सकेगा। मुख्यमंत्री ने इंडोर स्टेडियम के लिए मेजर ध्यानचंद स्टेडियम योजना के तहत विधायक निधि से प्राप्त राशि के बराबर 50 लाख रूपए अंशदान राशि राज्यांश के रूप में प्रदान करने की सहमति दी है। नोहर विधायक अमित चाचाण ने मुख्यमंत्री द्वारा 50 लाख रूपए की मंजूरी राज्यांश के रूप में देने को लेकर मुख्यमंत्री का आभार जताया है। उन्होने कहा कि राज्य के संवेदनशील मुख्यमंत्री के इस निर्णय से नोहर में शानदार इंडोर स्टेडियम का निर्माण हो सकेगा। इससे खिलाड़ियों को और बेहतरीन सुविधाएं मिल सकेंगी।
अमित चाचाण ने बताया कि नोहर के सेठ बालकृष्ण बिहानी स्टेडियम में इंडोर स्टेडियम का निर्माण कुल 1.25 करोड़ रूपए से प्रस्तावित है। जिसमें से 50 लाख राज्यांश के अतिरिक्त 50 लाख की राशि की व्यवस्था उनके विधायक विधायक निधि से की गयी है। इसके अलावा पिछली बजट घोषणा में मुख्यमंत्री ने 25 लाख देने की घोषणा की थी। यानी कुल सवा करोड़ की लागत से भव्य इंडोर स्टेडियम का निर्माण नोहर में किया जाएगा।


















