मैं एक्सप्लोर करना चाहती हूं, इसलिए जानबूझकर चुना सपोर्टिंग रोल: पूजा बनर्जी

AIRA NEWS NETWORK – छोटे परदे की जानी-मानी अभिनेत्री पूजा बनर्जी ने सोच-समझकर यह फैसला किया है कि वह सहयोगी मगर अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। पूछे जाने पर कि इस फैसले के पीछे उनका क्या कारण है, वह बताती हैं कि ऐसा उन्होंने इसलिए किया, ताकि वह अन्य माध्यमों को भी एक्सप्लोर कर सके, खासकर वेब माध्यम को। चूंकि मुख्य भूमिका में एक एक्टर के पास इतना समय ही नहीं बचता कि अन्य चीजें भी कर सके, इसलिए पूजा ने यह फैसला किया।
पूजा कहती हैं, ‘मैंने जानबूझकर ऐसे पात्रों को चुना है। मैं वेब में भी काम करना चाहती थी और अगर संभव हो तो फिल्में भी। लेकिन अगर आप एक मुख्य किरदार में हैं, तो ऐसा नहीं कर सकते। मेरे इस फैसले ने काम भी किया। फिलहाल, मैं एक टीवी शो और एक वेब शो दोनों में काम कर रही हूं।’ एक वेब प्रोजेक्ट में व्यस्त पूजा आगे बताती हैं, ‘हम अभी इस पर काम कर रहे हैं। उम्मीद है कि जल्द ही कोई घोषणा होगी। मैंने पहले ही कुछ मुख्य किरदार निभाए हैं,
इसलिए यह एक सही समय था कि मैं न केवल पात्रों या कहानियों के साथ प्रयोग करूं, बल्कि अन्य माध्यमों में भी काम करूं।’ ऐसा नहीं है कि 29 वर्षीय अभिनेत्री के लिए मुख्य भूमिकाओं को अस्वीकार करना आसान है। वह इसे करना मुश्किल काम मानती हैं और फिर निर्माताओं से अनुरोध करती हैं कि वे इसके बदले कोई दिलचस्प सहायक भूमिका उन्हें दें।






