बिजनौर – हाईटेंशन विद्युत करंट की चपेट में आने से 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया।
जनपद के थाना क्षेत्र कोतवाली देहात के गांव आनंद खेड़ी निवासी महेंद्र पुत्र चंद्रपाल कोतवाली देहात के मौहल्ला रहमुल्ला कॉलोनी में किन्नरों के साथ रहकर ढोलक बजाने का काम करता था। बुधवार की दोपहर लगभग करीब 2:00 बजे महेंद्र छत के ऊपर रखी पानी की टंकी की सफाई करने छत पर गया था। इसी दौरान वह पास से ही गुजर रही हाईटेंशन लाइन के करंट की चपेट मे आ गया। बेहोशी की हालत में महेंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोतवाली में भर्ती कराया गया जहाँ पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर महेंद्र के परिजन व व बडी संख्या में ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोतवाली पर पहुंच गए। असंतुष्ट महेंद्र के परिजन महेंद्र को बिजनौर ले गये जहाँ पर भी डॉक्टर ने उसे मृत ही बताया। मौके पर पुलिस ने उसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जाता है कि इस मौहल्ले के अधिकांश घरों के ऊपर से हाईटेंशन के तार गुजर रहे हैं तथा नियमों को ताक पर रखकर कालोनियाँ बनाई गई है।


















