बिहार – राजधानी पटना से यात्रियों को लेकर दिल्ली जा रही प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर पलट गई। आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर मैनपुरी के करहल थाना क्षेत्र में यह हादसा हुआ। बस पलटने से एक यात्री की मौत हो गई तथा 35 यात्री घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही डीएम,एसपी प्रशासनिक अमले के साथ मौके पर पहुंच गए। सभी घायलों को सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
आपको बता दें कि यह प्राइवेट डबल डेकर बस पटना से यात्रियों को लेकर दिल्ली के लिए रवाना हुई थी कि अचानक आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर करहल थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 93 के निकट चालक को झपकी आ गई और बस अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर के निकट लगे पोल से टकराई और फिर पलट गई।
घटना की जानकारी मिलते ही डीएम महेंद्र बहादुर सिंह, एसपी अशोक कुमार राय, एडीएम बीराम, एएसपी मधुबन कुमार, सीओ करहल अशोक कुमार, थाना प्रभारी शिव कुमार चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और तुरंत एंबुलेंस बुलाकर सभी घायलों को सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया । वहीं मृतक राकेश कुमार पुत्र धनपाल निवासी मोहनपुर थाना अवागढ़ जिला एटा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। अधिकारियों की मौजूदगी में ही डिवाइडर पर पलटी बस को मौके से हटाया गया।


















