2268 करोड़ 16 लाख रुपये की लागत से 6 कॉलेज भवन तथा एनसीसी अकेडमी का निर्माण कार्य
करनाल – उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने लोक निर्माण विभाग द्वारा करीब 2268 करोड़ 16 लाख रुपये की लागत से करवाए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा की, जिनमें मुख्यत: सडक़ें व सरकारी भवन तथा एनसीसी अकेडमी अराईपुरा शामिल हैं। बैठक में इन विकास कार्यों की प्रगति को लेकर शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में संबंधित कार्यकारी अभियंता व ठेकेदार को निर्देश दिए कि अपने-अपने कार्यों को तेज गति के साथ पूरा करवाएं ताकि इन विकास कार्यों का मुख्यमंत्री से उद्घाटन करवाकर जनता को समर्पित किया जा सके।
उपायुक्त ने समीक्षा के दौरान लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता से एक-एक विकास कार्यों की क्रमवार देरी का कारण पूछा तो इस पर उनका कहना था कि कोरोना काल के चलते ठेकेदारों के सामने श्रमिकों की समस्या रही है। इसके अलावा समय पर बिजली के खंबे को हटाने व पेड़ की कटाई न होना रहा है। इस पर उपायुक्त ने बिजली विभाग के कार्यकारी अभियंता तथा जिला वन मंडल अधिकारी को निर्देश दिए कि बिजली के खंबे को हटाया जाए तथा पेड़ों की कटाई करवाई जाए। उन्होंने वन विभाग के अधिकारी को यह भी कहा कि एनओसी भी समय पर जारी करें ताकि विकास कार्यों को पूरा करवाने में कोई विलम्ब ना हो।
बैठक में करनाल-इंद्री फोरलेन रोड के कार्यकारी अभियंता दलेल सिंह दहिया ने बताया कि सडक़ निर्माण तथा सैंट्रल वर्क व बर्म का कार्य पूरा हो गया है। केवल इंद्री पुल के पास पेड़ हटवाने का कार्य बाकी है। इसी प्रकार 175 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे करनाल-कैथल रोड फोरलेन का कार्य पूरा हो गया है। केवल दो पुलियों का कार्य शेष है, जिसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।
कार्यकारी अभियंता दलेल सिंह दहिया ने बताया कि 35 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे करनाल-कुंजपुरा रोड का कार्य पूरा हो चुका है। इस पर उपायुक्त ने निर्देश दिए कि अवैध कटों को तुरंत बंद करवाए। नीलोखेड़ी-कारसा-ढांड रोड का 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, शेष कार्य को अगले दो माह में पूरा करवा लिया जाएगा। इस कार्य पर 35 करोड़ रुपये की राशि खर्च होगी। उन्होंने बताया कि 89 करोड़ रुपये की लागत से वेस्टर्न बाईपास के द्वितीय चरण के निर्माण बारे वन विभाग को एनओसी के लिए अप्लाई किया गया है तथा डीएनआईटी अंडर प्रोसेस है। उन्होंने बताया कि करीब 105 करोड़ रुपये की लागत से बनाए जा रहे करनाल-मेरठ रोड फोरलेन का कार्य 40 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, नगला-मेघा चौंक पर फ्लाईओवर बनाया जाना प्रस्तावित है, लेकिन कुछ लोगों का वहां अवैध कब्जा है।
उपायुक्त ने इसे खाली करवाने के लिए किसानों को 15 दिन का नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उपायुक्त ने कहा कि देवी लाल चौंक से लेकर शुगरमिल के गेट तक के निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा करें। सडक़ निर्माण कार्य में रूकावट बने पेड़ों को हटाने के लिए एमडी शुगर मिल की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया गया है। यह कमेटी किसानों से बातचीत करके जल्द ही समस्या का समाधान करेगी। इसी प्रकार स्ट्रीट लाईट के पोल हटाने, अमरूत योजना के तहत बनाए गए स्ट्रोम वाटर होल की उंचाई कम करवाने के लिए उपायुक्त ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए।
कार्यकारी अभियंता आर.के. नैन ने बताया कि 40 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे करनाल-मुनक रोड पर शेष बची करीब 600 मीटर सडक़ के निर्माण को लेकर टेंडर लगा दिए गए है,लेकिन कुछ लोगों का अवैध कब्जा है। इस पर उपायुक्त ने नगराधीश को डयूटी मैजिस्ट्रेट लगाने के निर्देश दिए और कहा कि अवैध कब्जे को तुरंत प्रभाव से हटाया जाए और जल्दी से जल्दी निर्माण कार्य को पूरा करवाया जाए।
उपायुक्त ने समीक्षा बैठक में जिला में बन रहे 6 सरकारी कॉलेज भवनों को लेकर लोक निमार्ण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रयास करें कि इन कॉलेजों के भवन जल्द से जल्द बनकर तैयार हों ताकि इस सत्र से कक्षाएं शुरू हो सकें। इस पर कार्यकारी अभियंता आर.के. नैन व ठेकेदार ने आश्वासन दिया कि राजकीय कॉलेज जयसिंहपुरा का निर्माण कार्य 30 अगस्त तक पूरा किया जाएगा। इस कार्य पर करीब 19 करोड़ 77 लाख रुपये की राशि खर्च होगी। इसी प्रकार राजकीय महिला कॉलेज जुंडला का कार्य भी 30 अगस्त तक पूरा करवा दिया जाएगा। इस कार्य पर 17 करोड़ 11 लाख रुपये की राशि खर्च होगी।
उन्होंने बताया कि राजकीय महिला कॉलेज पाढा का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। इस भवन पर करीब 17 करोड़ 65 लाख रुपये की राशि खर्च होगी। इसी प्रकार राजकीय महिला कॉलेज बस्तली में भी 11 करोड़ 77 लाख रुपये की लागत से भवन का निर्माण करवाया जा रहा है। इसका निर्माण कार्य प्रगति पर है, इस कार्य को दिसम्बर 2021 तक पूरा कर लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि राजकीय महिला कॉलेज बसताड़ा में 17 करोड़ 92 लाख रुपये की लागत से भवन का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। यह कार्य मार्च 2022 तक पूरा हो जाएगा तथा राजकीय महिला कॉलेज तरावड़ी में भवन का निर्माण करवाया जाएगा और इसकी रिवाईज अप्रूवल मिल चुकी है।
राजकीय कॉलेज अराईपुरा में एनसीसी अकादमी से संबंधी 5 ब्लॉक बनाए जाने थे जिनमें से 4 का कार्य पूरा हो चुका है तथा 1 का कार्य शेष है। उन्होंने यह भी बताया कि निसिंग व नीलोखेड़ी में रेस्ट हाउस बनवाने के लिए टेंडर लगाए जा चुके है, प्रक्रिया पूरी होने पर जल्द ही काम शुरू करवा दिया जाएगा।


















