शेरकोट – बिजनौर के युवक ने भारत देश का नाम दुबई में किया रोशन

दुबई में जिला बिजनौर के युवक ने पेश की इंसानियत की मिसाल, अरबी व्यक्ति का पर्स लौटाकर जीता दिल
दुबई | विदेश में रहकर भी अपने देश और संस्कारों का नाम रोशन करने की एक मिसाल जिला बिजनौर के कस्बा शेरकोट के रहने वाले जगत सिंह ने पेश की है।
जानकारी के मुताबिक दुबई में काम के दौरान जगत सिंह को एक अरबी व्यक्ति का पर्स मिला। उन्होंने बिना किसी लालच के अपनी पूरी टीम के सामने पर्स को खोला तो उसमें आईडी कार्ड, एटीएम कार्ड और 720 दिरहम नकद थे।
इतनी बड़ी रकम देखकर भी जगत सिंह के मन में एक पल के लिए भी लालच नहीं आया। उन्होंने तुरंत अपनी टीम से सलाह-मशवरा कर इसकी जानकारी अपनी कंपनी के सेफ्टी ऑफिसर को दी।
कंपनी के सेफ्टी ऑफिसर ने कुछ ही घंटों में पर्स के मालिक को तलाश कर ऑफिस में बुलाया। जब अरबी व्यक्ति को उसका पर्स पूरे सामान और 720 दिरहम के साथ वापस मिला तो उसकी आंखें खुशी से भर आईं।

उस व्यक्ति ने जगत सिंह को गले लगाकर धन्यवाद कहा और कहा – “भारत के लोग वाकई ईमानदार और दिल के बड़े होते हैं।”
जगत सिंह की इस ईमानदारी की चर्चा अब पूरे कैंप और कंपनी में हो रही है। साथी कर्मचारी कह रहे हैं कि जगत सिंह ने न सिर्फ शेरकोट और बिजनौर बल्कि पूरे भारत देश का नाम दुबई में रोशन किया है।
सच ही कहा गया है – कमाई से बड़ा ईमान होता है, और ईमान ही इंसान की असली पहचान होती है।






