पुराना धामपुर स्कूल जलभराव मामले में मानवाधिकार आयोग सख्त, डीएम बिजनौर को नोटिस

AIRA NEWS NETWORK
पुराना धामपुर स्कूल जलभराव मामले में मानवाधिकार आयोग सख्त, डीएम बिजनौर को नोटिस
डॉ. तारिक़ ज़की की शिकायत पर कार्रवाई—बच्चों की सुरक्षा व शिक्षा प्रभावित होने के मामले में मांगी गई जांच रिपोर्ट
बिजनौर। पुराना धामपुर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में लंबे समय से जलभराव के कारण बच्चों की पढ़ाई एवं सुरक्षा प्रभावित होने के मामले में उत्तर प्रदेश मानवाधिकार आयोग ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
अमर उजाला में 23 एवं 30 अगस्त 2026 को प्रकाशित समाचारों में विद्यालय परिसर में लगातार पानी भरे रहने तथा करीब 72 विद्यार्थियों को दूसरे विद्यालय में स्थानांतरित किए जाने का मामला प्रमुखता से सामने आया था।

समाचारों का संज्ञान लेते हुए World Accreditation of Human Rights (WAOHR) के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. तारिक़ ज़की ने उत्तर प्रदेश मानवाधिकार आयोग में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत को डायरी संख्या 7032/IN/2026 तथा केस/फाइल संख्या 19085/24/17/2026 आवंटित की गई।
आयोग ने 1 सितंबर 2026 को जिलाधिकारी, बिजनौर को नोटिस जारी करते हुए मामले की आवश्यक जांच कराकर रिपोर्ट आयोग को 6 नवंबर 2026 तक उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। प्रकरण को 10 नवंबर 2026 को आयोग के समक्ष सूचीबद्ध किया गया है।
डॉ. तारिक़ ज़की ने मांग की है कि जांच केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि जलभराव के स्थायी कारण, जलनिकासी व्यवस्था की विफलता, बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा में हुई क्षति और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही निर्धारित की जाए तथा दोषी पाए जाने पर कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जाए।
NCPCR में भी शिकायत दर्ज
इसी मामले को लेकर राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (NCPCR) के e-Baal Nidan पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज की गई है, जिसका Complaint ID 103255 है।
अब दोनों आयोगों की कार्रवाई से उम्मीद जगी है कि पुराना धामपुर के बच्चों को जलभराव की समस्या से स्थायी राहत और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा।






