आतंक का पर्याय बना आदमखोर तेंदुआ पिंजरे में कैद, वन विभाग ने किया रेस्क्यू

काशीपुर / उत्तराखंड ( नसरीन खान निशा ),,,,,काशीपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले कई दिनों से दहशत का पर्याय बने आदमखोर तेंदुए को आखिरकार वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर पिंजरे में कैद कर लिया है। तेंदुए के पकड़े जाने से गोपीपुरा क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।
बताया जा रहा है कि हेमपुर डिपो क्षेत्र के ग्राम गोपीपुरा स्थित पांडे कॉलोनी के ठाकुर फार्म के बगीचे में पिछले काफी समय से एक तेंदुए की आवाजाही देखी जा रही थी। तेंदुए की मौजूदगी से स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ था और खेतों व बगीचों में जाने से ग्रामीण कतराने लगे थे।
ग्रामीणों की लगातार सूचना के बाद वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए ठाकुर फार्म के बगीचे में पिंजरा लगाया था।
वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में तेंदुआ कैद हो गया। वन विभाग की टीम ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर तेंदुए को सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया है।
तेंदुए के पकड़े जाने के बाद गोपीपुरा क्षेत्र के लोगों ने राहत महसूस की है और वन विभाग का आभार जताया है। वहीं वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि देर शाम और सुबह-सुबह जंगल या बगीचों की ओर न जाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को दें।


















