भांवरकोल —-खुदी को कर बुलंद इतना कि हर तसबीर से पहले,

खुदा बंदे से ख़ुद पूछे बता तेरी रजा क्या है?
जी हां,किसी शायर की इन पंक्तियों को अपने जीतोड़ मेहनत के दम पर धरातल पर आज उतार दिया है स्थानीय विकास खंड क्षेत्र के खाटी देहाती गांव टोडरपुर गाजीपुर की माटी में जन्म लेने वाली प्रतिभा यादव पुत्री शिवजी यादव ने।
बताते चलें कि प्रतिभा यादव ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग प्रयागराज द्वारा आयोजित समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा -२०२३ मे अपने पहले ही प्रयास में 76 वां रैंक के साथ समीक्षा अधिकारी (सचिवालय)के पद पर चयनित हुई है।उसके इस सफलता से क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गयी है।नामानुरुप प्रतिभा की धनी प्रतिभा यादव पिछले साल ही लेखपाल का प्रशिक्षण प्राप्त तो कर ली थी लेकिन इस पद से संतुष्ट न होने की वजह से अपनी नियुक्ति कुछ समय के लिए रोकवा रखी थी और इधर आर ओर की तैयारी में लगी रही।सफल भी रही।और अच्छे रैंक के साथ आर ओ (सचिवालय) के पद पर चयनित तो हो गयी है मगर वह अब भी संतुष्ट नहीं दीख रही है।उसका लक्ष्य तो यूपी एस सी में एस डी एम जैसे रैंक को प्राप्त करने का है और उसकी तैयारी भी दिल्ली में संप्रति कर रही है।
प्रतिभा यादव हाईस्कूल और इंटरमीडिएट गांव के ही स्वामी आत्मानंद इंटर कालेज टोडरपुर,बीए इलाहाबाद विश्वविद्यालय और परास्नातक दिल्ली विश्वविद्यालय से की है।
इसके पिता स्वामी आत्मानंद इंटर कालेज टोडरपुर गाजीपुर के प्रधानाचार्य शिवजी यादव ने बताया कि वह वाल्यकाल से ही जीनियस रही है।उसका लक्ष्य एसडीएम/डीएम जैसे पद को प्राप्त करके समाज की सेवा करना है। वह गांव की लड़कियों के लिए प्रेरणा बनना चाहती है कि गांव की लड़कियां भी अच्छा कर सकती है।
वैसे प्रतिभा यादव का अभी तो यह शुरुआत है –देखना है कि यह प्रतिभा कहां तक छलांग लगाती है।


















