धामपुर हुसैनपुर मे घटित घटना में चोरी कांड का खुलासा:पुलिस की बड़ी कामयाबी,वायरल वीडियो से मिला सुराग-चोरी का पूरा सामान बरामद
धामपुर हुसैनपुर मे घटित घटना में चोरी कांड का खुलासा: पुलिस की बड़ी कामयाबी,वायरल वीडियो से मिला सुराग-चोरी का पूरा सामान बरामद
धामपुर/बिजनौर:
धामपुर हुसैनपुर क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पीड़ित अमित शर्मा के घर से चोरी हुए जेवरात एवं अन्य सामान को पुलिस ने बरामद कर लिया है, जिससे क्षेत्र में राहत और विश्वास का माहौल बना है।

पुलिस के अनुसार, घटना की रात का एक वायरल वीडियो जांच में अहम कड़ी साबित हुआ। वीडियो में आरोपी चोरी का सामान कपड़े में लपेटकर फेंकता हुआ दिखाई दे रहा था। इसी आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया, जिसके दौरान चोरी का सामान एक मकान की छत से बरामद किया गया।
बरामद सामान में कीमती जेवरात सहित अन्य घरेलू वस्तुएं शामिल हैं। पुलिस ने सभी सामान को विधिवत जब्त कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है तथा पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में पहले से बनी तनावपूर्ण स्थिति अब धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। ग्रामीणों ने पुलिस की सक्रियता और तत्परता की सराहना करते हुए इसे एक सकारात्मक और भरोसेमंद कदम बताया है।
विशेष रूप से क्षेत्राधिकारी अभय कुमार एवं प्रभारी निरीक्षक मृदुल कुमार सिंह की कुशल कार्यशैली की ग्रामीणों ने भूरी-भूरी प्रशंसा की है। पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई ने यह संदेश दिया है कि कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सजग और प्रतिबद्ध है।


















