देश की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना 2027 की तैयारियाँ प्रारम्भ

जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य पूरे उत्तर प्रदेश राज्य में एक साथ 22 मई से 20 जून तक कराया जाएगा
जनगणना के आँकड़े भविष्य की विकास योजनाओं एवं नीति निर्माण का बनेंगे आधार
वाराणसी :- देश की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना 2027 की तैयारियाँ प्रारम्भ हो चुकी हैं इस संबंध में सोमवार को शीतल वर्मा आईएएस मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी एवं निदेशक,जनगणना कार्य निदेशालय उत्तर प्रदेश द्वारा वाराणसी मंडल में जनगणना 2027 की तैयारियों की समीक्षा हेतु मंडलायुक्त एवं चारों जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ बैठक की गई | शीतल वर्मा ने बताया कि जनगणना 2027 दो चरणों में संपन्न होगी |
प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य पूरे उत्तर प्रदेश में एक साथ 22 मई से 20 जून तक कराया जाएगा जबकि द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना फरवरी 2027 में पूरे देश में कराई जाएगी उन्होंने कहा कि जनगणना के माध्यम से सामाजिक,आर्थिक एवं आवासीय स्थिति से संबंधित विस्तृत जानकारी एकत्र की जाएगी जो भविष्य की विकास योजनाओं एवं नीति निर्माण का आधार बनेगी उन्होंने बताया कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े देश की आधारभूत संरचना के विकास के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगे |
जनगणना का संचालन पूर्णतः डिजिटल माध्यम से किया जाएगा | पहली बार नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा प्रदान की गई है जिसके अंतर्गत 7 से 21 मई 2026 तक नागरिक ऑनलाइन पोर्टल एवं मोबाइल ऐप के माध्यम से स्वयं जनगणना कर सकेंगे | मकान सूचीकरण के दौरान भवनों के उपयोग,निर्माण सामग्री,शौचालय, प्रकाश का स्रोत,खाना पकाने में प्रयुक्त ईंधन,मुख्य अनाज, टेलीविजन एवं इंटरनेट सुविधा सहित 33 प्रकार की सूचनाओं का डिजिटल संग्रह किया जाएगा | जनगणना के दौरान दी गई सभी जानकारियाँ पूर्णतः गोपनीय रहेंगी |
एस.राजलिंगम मंडलायुक्त वाराणसी ने प्रशिक्षण की महत्ता को रेखांकित करते हुए प्रभावी प्रशिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा उपयुक्त प्रशिक्षकों के चयन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश सभी जिलाधिकारियों को दिए | बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनगणना कार्य को समयबद्ध,पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने हेतु अभी से सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण कर ली जाएँ |
बैठक का समन्वय डॉ.एस.एस.शर्मा संयुक्त निदेशक (जनगणना),भारत सरकार द्वारा किया गया | बैठक में वाराणसी मंडल के चारों जनपदों के मुख्य विकास अधिकारी,नगर आयुक्त वाराणसी,सभी अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), संयुक्त शिक्षा निदेशक,उपनिदेशक सूचना,उपनिदेशक पंचायती राज, उपनिदेशक अर्थ एवं संख्या तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे ||


















