मानसून से पहले शहर के सभी नालों की सफाई का कार्य जोरों पर, सभी डिस्पोजल हाऊस पर जेनरेटर सेट और मैनपावर की रहेगी तैनाती- अभिषेक मीणा, नगर निगम आयुक्त।

मानसून से पहले शहर के सभी नालों की सफाई का कार्य जोरों पर, सभी डिस्पोजल हाऊस पर जेनरेटर सेट और मैनपावर की रहेगी तैनाती- अभिषेक मीणा, नगर निगम आयुक्त।
स्टोरम वाटर के चारों आई.पी.एस. का भी होगा संचालन, रेन वाटर हार्वेस्टर की भी करवाई जाएगी सफाई।
करनाल 5 जून, मानसून से पहले शहर के सभी नालों की सफाई का लक्ष्य पूरा करने के लिए नगर निगम कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहा है। इस कार्य में कुछ नालों की सफाई मुकम्मल होने को है, तो कुछ जगह काम जोरों से चल रहा है। नगर निगम आयुक्त अभिषेक मीणा ने बुधवार को बताया कि एन.एच.-44 से सेक्टर-4 पुलिया तक ड्रेन नम्बर-1 के अंदर से जमी गाद व घास-फूस को पोकलेन मशीन से निकालकर सफाई की जा रही है। इसके तहत, जितना सम्भव बनेगा, ड्रेन की गहराई और चौड़ाई भी बढ़ाई जा रही है, ताकि बरसाती पानी निर्बाध रूप से प्रवाहित हो सके।
उन्होंने बताया कि मुगल कैनाल के फेज-3 की सफाई का कार्य जोरों से चल रहा है, अगले दो से तीनों में यह कम्पलीट हो जाएगा। इसके बाद फेज 2 की सफाई करवाई जाएगी। कैनाल के अंदर जमी गाद को ट्रैक्टर व पोकलेन मशीन के जरिए निकाला जा रहा है। फेज 2 की सफाई का कार्य भी अगले 10-15 दिनो में पूरा कर लिया जाएगा। राम नगर नाला की सफाई भी कई दिनों से जारी है, एक सप्ताह में यह भी मुकम्मल हो जाएगी। इसके अलावा शहर में मौजूद 24 बड़े नालों की सफाई का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है।
11 डिस्पोजलों का होगा संचालन और रख-रखाव- निगमायुक्त ने बताया कि शहर में निगम के अधीन 11 डिस्पोजल हैं, इनके संचालन और रख-रखाव का टेण्डर जल्द ही खुलने जा रहा है। इसके बाद इस पर काम शुरू होगा, जो अगले साढे 3 महीने तक चलेगा, अर्थात पूरा बरसाती सीजन मेंटेनेंस जारी रहेगी। इस कार्य में सभी जगह जेनरेटर सेट और मैनपावर एजेंसी ही मुहैया करवाएगी। इसकेसाथ-साथ उनकी मेंटेनेंस भी सम्बंधित एजेंसी ही करेगी। डिस्पोजल पर लगी मोटरें खराब होने की सूरत में ठीक करवाना भी एजेंसी की जिम्मेदारी रहेगी। सभी डिस्पोजल पर कर्मचारियों की ड्यूटी तीन शिफ्टों में रहेगी। उन्होंने बताया कि इस कार्य में भिन्न-भिन्न डिस्पोजल पर 25, 62 व 125 केवीए क्षमता के जेन सेट तथा साढे 7, 10, साढे 17, 20, 50 व 100 एच.पी. क्षमता की मोटरें लगाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि इन कार्यों पर अनुमानित 39 लाख 45 हजार रुपये की राशि व्यय की जाएगी।
चारों आई.पी.एस. का भी होगा संचालन- उन्होंने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में अमरूत योजना के तहत बरसाती पानी निकासी के लिए 4 आई.पी.एस. यानि इंटरमिडिएट पम्पिंग स्टेशन बनाए गए हैं। इनमें आई.पी.एस. हैरीटेज, मीरा घाटी, हकीकत नगर व सैदपुरा शामिल हैं। बरसाती सीजन में इनके सुचारू रूप से संचालन के लिए निजी एजेंसी की मार्फत 12 ऑप्रेटर रखे जाएंगे। इसका टैण्डर आगामी 2 सप्ताह में खुल जाएगा। इस कार्य पर नगर निगम अनुमानित 6 लाख 21 हजार रुपये खर्च करेगा। उन्होंने बताया कि आई.पी.एस. हैरीटेज व मीरा घाटी क्रियाशील हैं तथा आई.पी.एस. हकीकत नगर व सैदपुरा में बिजली कनैक्शन लगना शेष है, जो अगले 10-15 दिनों में लग जाएगा। उन्होंने बताया कि इनके अतिरिक्त बरसाती सीजन से पहले-पहले निगम क्षेत्र में पढ़ने वाले रेन वाटर हार्वेस्टर की भी साफ-सफाई करवाई जाएगी।
छोटी नालियों की सफाई जारी- उन्होंने यह भी बताया कि शहर में ऐसी नालियां भी हैं, जो छोटी हैं। उनकी सफाई के लिए नगर निगम की सफाई शाखा की ओर से प्लान बनाया गया था, जिस पर जोरों से काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि सफाई दरौगाओं को निर्देश दिए गए हैं कि वह बाद दोपहर की शिफ्ट में सम्बंधित क्षेत्र में आने वाली नालियों की सफाई करवाना सुनिश्चित करेंगे। इस कार्य पर सफाई निरीक्षक व सहायक सफाई निरीक्षक अपनी निगरानी बनाए रखेंगे।


















