68 हजार विद्यार्थियों ने मतदाताओं में मतदान करने की अलख जगाने का किया प्रयास

68 हजार विद्यार्थियों ने मतदाताओं में मतदान करने की अलख जगाने का किया प्रयास
250 से ज्यादा स्कूलों में 20 तरह की प्रतियोगिताओं पर किया गया आयोजन,
उपायुक्त उत्तम सिंह के प्रयासों से घर-घर तक पहुंचा 25 मई के दिन मतदान करने का संदेश, स्कूलों में स्वीप गतिविधियों का हुआ समापन
करनाल, 22 मई। राजकीय और निजी स्कूलों के लगभग 68 हजार विद्यार्थियों ने करनाल जिले के मतदाताओं में मतदान करने के लिए अलख जगाने का अनूठा प्रयास किया है। इस जिले में 250 से ज्यादा स्कूलों में 20 तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने बढ़ चढक़र भाग लिया। इन विद्यार्थियों ने अपने भाषण, स्लोगन, रंगोली, निबंध लेखन जैसे विषयों में 25 मई के दिन मतदाताओं से वोट डालने की अपील की है।
जिला शिक्षा विभाग के साथ-साथ स्कूल प्रबंधकों के प्रयास 25 मई के दिन जरूर सार्थक होंगे और विद्यार्थियों की मेहनत भी रंग लाएगी। सभी के प्रयासों से करनाल लोकसभा और करनाल विधानसभा उप चुनावों में अधिक से अधिक मतदान होगा। इन प्रयासों को अमली जामा पहनाने के लिए उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी उत्तम सिंह और उनकी टीम की ही सोच थी। इस सोच को लोगों तक पहुंचाने के लिए जिला शिक्षा विभाग की ओर से बकायदा एक शैडयूल तैयार किया गया था और इस शैडयूल के अनुसार ही 250 से ज्यादा स्कूलों में पोस्टर मेकिंग, निबंध लेखन, भाषण जागरूकता रैली, मेंहदी प्रतियोगिता, पौधारोपण सहित 20 तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। इन प्रतियोगिताओं में लगभग 68 हजार बच्चों ने भाग लेने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि करनाल के एक-एक मतदाता को वोट का महत्व बताने और 25 मई के दिन बूथ पर जाकर वोट का प्रयोग करने के विषय को लेकर स्कूलों का एक-एक विद्यार्थी जागरूकता एम्बैसेडर की भूमिका में नजर आया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त उत्तम सिंह के मार्गदर्शन में शिक्षा विभाग की ओर से बड़े स्तर पर स्वीप गतिविधियों का आयोजन 13 मई से शुरू हुआ और यह अभियान 22 मई को सम्पन्न हुआ।
उन्होंने कहा कि मतदाता जागरूकता अभियान में विद्यार्थियों ने पोस्टर मेकिंग, स्लोगन, निबंध, मेंहदी व रंगोली, लघु नाटिका, सेमिनार, संकल्प पत्र, शपथ, जागरूकता रैली के माध्यम से लोगों को वोट डालने का अनोखा संदेश दिया है। इन स्कूलों में विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षक और गैर शिक्षक कर्मचारी भी बढ़ चढक़र भाग लिया। इन तमाम गतिविधियों का सिर्फ एक ही लक्ष्य है कि प्रत्येक मतदाता अपना वोट जरूर डाले। जब करनाल जिले में अधिक से अधिक मतदान होगा तभी युवाओं के प्रयास सार्थक होंगे।
अतिरिक्त उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि स्वीप गतिविधियों में शहर के प्रत्येक व्यक्ति, धार्मिक, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों को भी प्रशासन का सहयोग करना चाहिए। सभी के सांझे प्रयासों से करनाल जिले में अधिक मतदान संभव हो पाएगा। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को खुद अपने परिवार, अपने रिश्तेदारों, अपने मोहल्ले वासियों को वोट डालने के प्रति जागरूक करना होगा। सभी को वोट की महत्ता के बारे में बताना होगा। इस देश के लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए एक-एक मतदाता को जागरूक होना होगा। जिला शिक्षा अधिकारी सुदेश ठुकराल व जिला विज्ञान विशेषज्ञ दीपक वर्मा के प्रयासों की जिला प्रशासन ने प्रशंसा की।


















