सशस्त्र सीमा बल, सीमांत गुवाहाटी द्वारा 03 माह के कंप्यूटर प्रशिक्षण एवं इंग्लिश स्पीकिंग कोर्स का शुभारंभ

गुवाहाटी: श्री सुधीर वर्मा, महानिरीक्षक, सशस्त्र सीमा बल, सीमांत गुवाहाटी के मार्गदर्शन में दिनांक 20 जनवरी 2026 को सीमांत मुख्यालय, गुवाहाटी परिसर में संदीक्षा परिवार के बच्चों के लिए 03 माह के कंप्यूटर प्रशिक्षण एवं इंग्लिश स्पीकिंग कोर्स का शुभारंभ किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन श्रीमती रानी अनुराधा, क्षेत्रीय संदीक्षा अध्यक्षा द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर क्षेत्रीय संदीक्षा अध्यक्षा ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि वर्तमान युग ज्ञान, तकनीक और संप्रेषण कौशल का युग है। कंप्यूटर केवल एक मशीन नहीं, बल्कि यह भविष्य के असंख्य अवसरों के द्वार खोलने की कुंजी है। इसी प्रकार, अंग्रेज़ी भाषा का ज्ञान आत्मविश्वास के साथ अपने विचारों को अभिव्यक्त करने, नए अवसरों को समझने तथा वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने बच्चों को इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का अधिकतम लाभ उठाने की सलाह देते हुए कहा कि वे पूरी लगन, अनुशासन और उत्साह के साथ अध्ययन करें। सीखने की प्रक्रिया में कभी पीछे न हटें, प्रश्न पूछें, नियमित अभ्यास करें और स्वयं पर विश्वास बनाए रखें। आप सभी में असीम संभावनाएँ निहित हैं और यह प्रशिक्षण आपके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सशक्त कदम सिद्ध होगा।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में संदीक्षा द्वारा किया गया एक सराहनीय प्रयास है।






