शुरुआती कदमों से भविष्य के सपनों तक हर बच्चे के लिए सीखने का नया स्वरूप – धर्मेंद्र प्रधान

वाराणसी :- हर साल,जब स्कूलों के द्वार नए शैक्षणिक सत्र के लिए खुलते हैं तो भारत सामूहिक संकल्प के सबसे गहन उदाहरणों में से एक का साक्षी बनता है | पहाड़ों और तटों से लेकर शहरों और दूरदराज के गांवों तक,लाखों बच्चे कभी -कभी अपने जीवन में आने वाली चुनौतियों के बावजूद,नए जोश,नई आकांक्षाओं और अपार संभावनाओं के साथ अपनी कक्षाओं में कदम रखते हैं यह एक शांत लेकिन शक्तिशाली राष्ट्रीय क्षण है | इस वर्ष भी लगभग दो करोड़ बच्चों ने पहली कक्षा में प्रवेश लिया है जो आशा और एक साझा राष्ट्रीय जिम्मेदारी दोनों को समेटे हुए है | भारत का स्कूली ढांचा बेहद विशाल है इसमें 14.7 लाख से अधिक स्कूल,लगभग 25 करोड़ नामांकित छात्र और एक करोड़ से ज्यादा शिक्षक शामिल हैं ये संख्याएं केवल प्रशासनिक स्तर को मापने का जरिया भर नहीं हैं,बल्कि ये शिक्षा के माध्यम से हमारे देश के भविष्य को गढ़ने की एक मजबूत प्रतिबद्धता की घोषणा करती हैं | राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 ने रटने की आदत से आगे बढ़कर जिज्ञासा,समझ और समग्र विकास (होलिस्टिक डेवलपमेंट) को सीखने के केंद्र में रखा है हर नया शैक्षणिक सत्र उस सपने को साकार करने की दिशा में एक सार्थक कदम है |
बालवाटिका लागू होने से अब छोटे बच्चों की शुरुआती पढ़ाई स्कूल व्यवस्था का हिस्सा बन गई है इससे बच्चे पहली कक्षा में बेहतर तैयारी और मजबूत बुनियादी कौशल के साथ प्रवेश करते हैं | बच्चे का स्कूल में दाखिला उसके जीवनभर के सीखने और समाज से जुड़ने की शुरुआत होता है इसलिए जरूरी है कि यह सफर खुशी,अच्छे माहौल और अपनापन महसूस कराने वाला हो |
सीखने का सफर पहले कदम से आत्मविश्वास तक
स्कूल का पहला दिन खास होता है इसमें थोड़ी झिझक होती है तो नए शुरुआत की खुशी भी होती है | छोटे-छोटे बच्चे अपने बड़े-बड़े भाव लेकर स्कूल आते हैं और उनकी जिज्ञासु आंखें एक नई दुनिया देखती हैं जब बच्चे खुद को सुरक्षित और महत्वपूर्ण महसूस करते हैं तो वे खुलने लगते हैं वे ज्यादा भाग लेते हैं,सवाल पूछते हैं और उनकी जिज्ञासा बढ़ती है धीरे-धीरे उनका आत्मविश्वास भी मजबूत होता जाता है | शुरुआती साल खेल,खोज और नई चीज़ें सीखने पर आधारित होने चाहिए, यही जीवनभर की सीखने की यात्रा की शुरुआत है | अच्छे रिश्ते बहुत मायने रखते हैं एक समझदार और देखभाल करने वाला शिक्षक बच्चे की जिंदगी बदल सकता है | सहयोगी कक्षा माहौल बच्चे की चुप्पी को भागीदारी में और भागीदारी को आत्मविश्वास में बदल सकता है जब बच्चा खुद को सच में समझा और सुना हुआ महसूस करता है, तो उसकी जिज्ञासा हिम्मत में बदल जाती है और जब उसे अपनापन महसूस होता है,तो वह अपनी आवाज़ पहचानने लगता है |
इन प्रारंभिक वर्षों के केंद्र में बुनियादी साक्षरता और अंकगणित के प्रति एक मजबूत राष्ट्रीय प्रतिबद्धता निहित है | निपुण भारत मिशन के माध्यम से,भारत ने एक स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित किया है | कक्षा दो के अंत तक प्रत्येक बच्चा समझ के साथ पढ़ सके और बुनियादी अंकगणित कर सके | ध्यान उत्तरों को रटने से हटकर अवधारणाओं को समझने पर केंद्रित है कक्षाओं को बच्चों को केवल उत्तर दोहराने के बजाय प्रश्न पूछने के लिए प्रेरित करना चाहिए | यह दृष्टिकोण अकादमिक शिक्षा से परे है | कला,खेल और मूल्य सीखने की प्रक्रिया के अनिवार्य अंग हैं | शिक्षा को ‘संपूर्ण बच्चे’ का निर्माण करना चाहिए-न केवल मन का, बल्कि शरीर और हृदय का भी | शारीरिक गतिविधि और पोषण दैनिक स्कूली जीवन का अभिन्न अंग हैं | एक स्वस्थ बच्चा बेहतर सीखता है अधिक भाग लेता है और आत्म -सम्मान की स्वस्थ भावना के साथ विकसित होता है |
उभरती चुनौतियों का सामना
वैश्विक स्तर पर,बच्चों की जीवन शैली में महत्वपूर्ण बदलाव आया है खान-पान की आदतों में बदलाव और शारीरिक गतिविधि में कमी कई देशों के लिए चिंता का विषय बन गई है भारत इस चुनौती का सक्रिय रूप से सामना कर रहा है | अनिवार्य शारीरिक शिक्षा,स्कूलों में मोटापे से निपटने के लिए ‘ऑयल बोर्ड’ और ‘शुगर बोर्ड’ जैसे उपाय और पोषण गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने वाली मजबूत पीएम-पोषण योजना स्कूलों को स्वास्थ्य और सक्रिय जीवनशैली की ओर उन्मुख कर रही है | इन प्रयासों का उद्देश्य एक ऐसी पीढ़ी का निर्माण करना है जो स्वास्थ्य को समग्र विकास का केंद्र मानती हो | हालांकि प्रौद्योगिकी शिक्षा और पहुंच के लिए एक शक्तिशाली माध्यम है सोशल मीडिया के बढ़ते उपयोग से स्क्रीन टाइम, ध्यान और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं यह एक वैश्विक चिंता है,न कि केवल भारत तक सीमित | स्कूलों और परिवारों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि इसका उपयोग सीखने के साधन के रूप में किया जाए,न कि ध्यान भटकाने के साधन के रूप में | इस दृष्टिकोण में बच्चों का मानसिक और भावनात्मक कल्याण भी उतना ही महत्वपूर्ण है | स्कूली पाठ्यक्रम और शिक्षण विधियों में सामाजिक- भावनात्मक शिक्षा को शामिल किया गया है ताकि बच्चों के विकास में सहयोग मिल सके,ऐसे समय में जब बच्चे पिछली किसी भी पीढ़ी की तुलना में अधिक जटिल और चुनौतीपूर्ण दुनिया का सामना कर रहे हैं सुरक्षित और तनावमुक्त वातावरण बनाने के लिए स्कूलों, अभिभावकों,शिक्षकों और समुदायों के संयुक्त प्रयास आवश्यक हैं |
शिक्षकों की भूमिका
सुधार केवल नीतिगत दस्तावेजों के माध्यम से बच्चों तक नहीं पहुंचता,यह शिक्षकों के माध्यम से ही लागू होता है | वे ही शिक्षा के परिवर्तन के सच्चे सूत्रधार हैं, जो दूरदृष्टि और कक्षा की वास्तविकता के बीच की खाई को पाटते हैं | शिक्षकों को बहुभाषी वातावरण में पढ़ाना चाहिए और यह भी सुनिश्चित करना चाहिए कि बच्चे की मातृभाषा का सम्मान किया जाए और उसे सीखने के एक सशक्त साधन के रूप में उपयोग किया जाए | इसे महत्व देकर,हम यह सुनिश्चित करते हैं कि औपचारिक शिक्षा में उनका संक्रमण सहज,आत्मविश्वासपूर्ण और उनकी अपनी पहचान से जुड़ा हो | मैं अपने शिक्षकों से आह्वान करता हूं कि वे प्रत्येक बच्चे की गति,व्यक्तित्व का सम्मान करते हुए और अपनी देखरेख में प्रत्येक छात्र के भावनात्मक और मानसिक कल्याण के प्रति सचेत रहते हुए योग्यता-आधारित शिक्षा को प्राथमिकता दें |
माता-पिता की भूमिका
शिक्षा विद्यालय के द्वार पर शुरू या समाप्त नहीं होती घर ही पहला कक्षास्थल है और माता-पिता ही पहले शिक्षक | घर पर बच्चे जो अनुभव प्राप्त करते हैं वही उनके विद्यालय में सीखने के तरीके को आकार देता है | पढ़ने की आदत को बढ़ावा देना और बच्चे के प्रश्नों का धैर्यपूर्वक उत्तर देना,ज्ञान की जिज्ञासा को पोषित करने के सूक्ष्म कार्य हैं | मैं माता-पिता से आग्रह करता हूं कि वे सुनिश्चित करें कि बच्चों को संतुलित पोषण और पर्याप्त नींद मिले,उन्हें प्रतिदिन पर्याप्त शारीरिक गतिविधि और बाहरी वातावरण का अनुभव मिले | माता-पिता को विद्यालय के साथ सक्रिय रूप से जुड़ना चाहिए और बच्चे की सफलता को केवल अंकों के आधार पर ही नहीं,बल्कि आत्मविश्वास,दयालुता और सीखने में निरंतर रुचि के आधार पर भी मापना चाहिए | माता-पिता अपने बच्चे को जो सबसे बड़ा उपहार दे सकते हैं वह है यह विश्वास दिलाना कि सीखना वास्तव में आनंददायक है |
एक साझा राष्ट्रीय प्रतिबद्धता
शिक्षा एक साझा जिम्मेदारी है यह सरकारों,स्कूलों,शिक्षकों,अभिभावकों और समुदायों की जिम्मेदारी है हर हितधारक की इसमें भूमिका है | हर बच्चे को सीखने की यात्रा में देखा,सुना और मार्गदर्शन किया जाना चाहिए | हमारी शिक्षा प्रणाली की सच्ची पहचान कुछ चुनिंदा उच्च उपलब्धि हासिल करने वालों से नहीं,बल्कि इस बात से होती है कि पृष्ठभूमि की परवाह किए बिना हर बच्चा आत्मविश्वास और आनंद के साथ सीखता है या नहीं | आइए,समावेशी,नवोन्मेषी और भविष्य के लिए तैयार शिक्षा प्रणाली के निर्माण के प्रति अपनी राष्ट्रीय प्रतिबद्धता को दोहराएं साथ मिलकर,हम यह सुनिश्चित कर सकते हैं कि हर कक्षा सपनों को साकार करने का स्थान बने और आने वाले कल के नेताओं का निर्माण हो | 2047 तक विकसित भारत के अग्रदूत आज हमारी कक्षाओं में मौजूद हैं आइए,उन्हें उड़ान भरने के लिए सुनहरे पंख दें ( लेखक केंद्रीय शिक्षा मंत्री हैं) ||


















