शारदीय नवरात्र हुआ प्रारंभ गढ़वा कांडी प्रखंड के विभिन्न गांव से कलश यात्रा

गढ़वा : रविवार से शारदीय नवरात्र प्रारंभ हो गया। इस मौके पर जिले के कांडी प्रखण्ड क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न गांवों से कलश यात्रा निकाली गयी। कांडी दुर्गा पूजा पंडाल से पंचायत के युवा मुखिया विजय राम के नेतृत्व में विराट कलश यात्रा निकाली गयी। सभी श्रद्धालु पैदल यात्रा करते हुए सोन नदी पहुंचे। जहां उक्त पवित्र नदी से विद्वान पण्डित द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ अपने-अपने कलश में अभिमंत्रित जल भरा गया। इसके बाद पुनः वापस पहुंच कर पूजा मंडप में कलशधारियों ने कलश स्थापित किया। बता दें कि कलश यात्रा में शामिल सभी भक्तगण माता रानी का जयकारा लगा रहे थे। जिससे सम्पूर्ण वातावरण भक्तिमय हो रहा था। इस दौरान डीजे व बैंड बाजा भी बज रहा था। वहीं श्रदालुओं में काफी उत्साह देखा गया। सभी कलशधारी अपने-अपने हाथों में कलश लिए हुए थे। जिनके ललाट पर जय माता दी का पट्टा बंधा हुआ था। रंग-बिरंगे कपड़ों में सभी श्रद्धालु काफी आकर्षक लग रहे थे। मुख्य यजमान के रूप में नंदलाल चौधरी व उनकी पत्नी पूनम देवी शामिल थे। इसी प्रकार कांडी प्रखंड के विभिन्न गांवों से कलश यात्रा निकाली गई व पवित्र जलाशयों से जल भर कर पूजा मंडप में कलश स्थापित किया गया। जिसमें अमडीहा, भिलमा, शिवरी, मिश्रौलिया, सेमौरा, सरकोनी, पखनाहा, चंद्रपुरा सहित अन्य गांवों का भी नाम शामिल है। वहीं पतिला गांव से भी कलश यात्रा निकाली गयी। जहां विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रसिद्ध युवा समाजसेवी विकास दुबे भी शामिल हुए। जबकी चोका, बेलहथ व पतिला गांव के कलशधारी खरौंधा गांव के समीप बहती कोयल नदी से जल भरी किया। जहां मुख्य रूप से पतीला पंचायत के युवा मुखिया अमित कुमार दुबे शामिल हुए। इस मौके पर कांडी पंचायत समिति सदस्य ममता देवी, जिला परिषद सदस्य सुषमा कुमारी, जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि दिनेश कुमार, कांडी उप मुखिया दिलीप राम, सरकोनी पंचायत समिति सदस्य योगेंद्र बैठा सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।






