विधायक जगमोहन आनंद ने पार्षदों के चुनावी कार्यालयों का किया उद्घाटन, बोले- रिकॉर्ड मतों से होगी जीत

विधायक जगमोहन आनंद ने पार्षदों के चुनावी कार्यालयों का किया उद्घाटन, बोले- रिकॉर्ड मतों से होगी जीत*
करनाल, 19 फरवरी- करनाल के विधायक जगमोहन आनंद ने बुधवार को नगर निगम चुनाव के लिए पार्षदों के चुनावी कार्यालयों का उद्घाटन किया। उन्होंने सर्वप्रथम वार्ड-4 स्थित कर्ण विहार में भाजपा उम्मीदवार भूपेंद्र नौतना के कार्यालय का उद्घाटन किया। इसके उपरांत उन्होंने वार्ड-7 स्थित अशोक नगर में भाजपा उम्मीदवार जोगिंद्र शर्मा के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन किया। इसके साथ-साथ उन्होंने वार्ड 18 में पार्षद पद के प्रत्याशी हरजीत सिंह लाड्डी संधू के चुनावी कार्यालय का भी उद्घाटन किया। इस दौरान उनके साथ मेयर पद की उम्मीदवार रेनू बाला गुप्ता भी मौजूद रही।
इस दौरान संबोधित करते हुए विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि नगर निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी बड़ी जीत दर्ज करेगी। करनाल में एक बार फिर कमल का फूल खिलेगा और भाजपा जीत दर्ज करेगी। आज हर नागरिक भाजपा की नीतियों से संतुष्ट है और उन्हें पूरा विश्वास है तभी मेयर और सभी वार्डों में भाजपा रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की कथनी और करनी में कोई अंतर नही है, प्रदेश में अभी डबल इंजन की सरकार चल रही है और नगर निकाय चुनावों के बाद प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार काम करेगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में विकास कार्यों की गति प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि जिस तरह लोकसभा और विधानसभा चुनाव में करनालवासियों का भाजपा को समर्थन मिला है, उसी भांति नगर निगम चुनाव में भी जनता का भरपूर समर्थन मिलेगा।
विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि करनाल की जनता उनका परिवार है। हमेशा उनके सुख-दुख में शामिल रहा हूं। जनता ने जिस जोश से उन्हें वोट देकर विजयी बनाया था, इसी तरह नगर निगम चुनाव में भाजपा उम्मीदवारों को भी वोट देकर विजयी बनाएंगे।


















