राष्ट्रहितैषी सरकार को चुनकर देश को आगे बढ़ाने में करें सहयोग : मनोहर लाल

राष्ट्रहितैषी सरकार को चुनकर देश को आगे बढ़ाने में करें सहयोग : मनोहर लाल
नेवल गांव के एक निजी पैलेस में आयोजित सर्व समाज सम्मेलन में पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल

करनाल 23 मई। पूर्व मुख्यमंत्री एवं करनाल लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी मनोहर लाल ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का सबसे बड़ा पर्व है और इसमें सभी को भाग लेकर अपने कर्तव्य का निर्वहन करना चाहिए। मतदान कर एक ऐसी सरकार चुनें जो राष्ट्रहित के बारे में सोचे और देश को आगे बढ़ाने का काम करें। पिछले 10 सालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने नई बुलंदियां हासिल की हैं। मनोहर लाल बृहस्पतिवार को नेवल गांव के एक निजी पैलेस में गुरप्रीत भिंडर द्वारा आयोजित सर्व समाज सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल का कार्यक्रम में पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया। मनोहर लाल ने कहा कि 25 मई को कमल के फूल का बटन दबाकर भाजपा को विजयी बनाएं ताकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति के पथ पर बढ़ता रहे।
मनोहर लाल ने कहा कि प्रचार अभियान के बाद अब पोलिंग बूथ की जिम्मेदारी सतर्कता से निभानी है। शहर, गांव व गलियों में जाकर कार्यकर्ता मतदाताओं को घरों से बाहर निकालकर मतदान के लिए प्रेरित करें जितना अधिक मतदान होगा उतनी ही मजबूत सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि बुजुर्गो को मतदान जरूर करना चाहिए। एक अच्छी सरकार के लिए बुजुर्गो का आशीर्वाद जरूरी होता है। इसलिए सभी अपने बुजुर्गो को मतदान जरूर करवाएं। भारतीय जनता पार्टी ने सदैव हर वर्ग का सम्मान किया है और सभी को साथ लेकर चलती आई है। कांग्रेस ने आज तक देश की जनता को बांटने का काम किया है लेकिन भाजपा सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के साथ काम करती है। भारतीय जनता पार्टी आज जनता के आशीर्वाद से दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है। मनोहर लाल ने कहा कि 10 साल पहले हमारा देश अर्थव्यवस्था में 11वें स्थान पर था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारा देश पांचवें स्थान पर पहुंच गया है और वह दिन दूर नहीं जब जल्द ही हमारा देश दुनिया की तीसरी आर्थिक शक्ति बनकर उभरेगा। उन्होंने कहा कि 25 मई को अधिक से अधिक मतदान कर भाजपा को प्रचंड मतों से जिताएं और देश की उन्नति में योगदान दें। इस अवसर पर परमजीत सिंह चिम्मा, दिनेश आर्य, राजिन्द्र सिंह मान, सुरेश जागलान, राधेश्याम छाबड़ा, राजेश नरवाल, शिव कुमार सैनी, शीशा सिंह, सूचा सिंह, अजीत सिंह, अजय कुमार, निशान सिंह व रमन सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।


















