बेसहारा पशुओं को पकडऩे की मुहिम में तेजी लाने के निर्देश

एस आर योगी
करनाल
बेसहारा पशुओं को पकडऩे की मुहिम में तेजी लाने के निर्देश
फूसगढ़ गौशला को पंजीकृत कराए नगर निगम: अनीश यादव
करनाल, 16 नवम्बर। उपायुक्त अनीश यादव ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि शहर की सडक़ों पर घूम रहे बेसहारा पशुओं को पकडऩे का अभियान शुरू किया जाये ताकि इनके कारण होने वाले सडक़ हादसों में कमी लाई जा सके। उन्होंने बताया कि साम्भली में गौ-वन बनाने के लिये पंचायत द्वारा प्रस्ताव पास किया जा चुका है। अब आगमी कार्यवाही के लिये इसे सरकार को भेजा गया है। सरकार से मंजूरी मिलने के बाद अगली कार्यवाही अमल में लाई जायेगी। उन्होंने निगम अधिकारियों को यह भी निर्देश दिये कि फूसगढ़ गौशाला को फौरन गौ सेवा आयोग से पंजीकृत कराया जाये ताकि गौशाला में रखे जाने वाले पशुओं के चारे आदि के लिये आयोग से आर्थिक सहायता मिल सके।
उपायुक्त ने यह जानकारी आज मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव केएम पांडुरंग के साथ आयोजित वीडियो कांफ्रेंसिंग में दी। यह बैठक बेसहारा पशुओं के पुनर्वास को लेकर छह जिलों के उपायुक्तों के साथ आयोजित की गई। बैठक में डीडीपीओ राजबीर खुंडिया, पशुपालन विभाग से एसडीओ डॉ. रूपेंद्र, नगर निगम के मुख्य सेनेटरी इंस्पेक्टर सुरेंद्र चोपड़ा मौजूद रहे।
उपायुक्त अनीश यादव ने पशुपालकों से भी अपील की है कि वे अपने मवेशियों को सडक़ों पर खुला न छोड़ें। उन्होंने बताया कि जिला के गांव साम्भली में 105 एकड़ जमीन में जल्द गौ-वन बनाया जायेगा। इस बारे में पंचायत से प्रस्ताव पारित किये जाने के बाद विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव को मंजूरी के लिये लिखा गया है। गौ-वन में गऊओं को प्राकृतिक माहौल, आश्रय और घूमने-फिरने की आजादी मिलेगी। चारे के लिये फसल भी उगाई जायेगी। इसे चारों ओर बाड़ लगाकर सुरक्षित किया जायेगा। गौ-वन में वृद्ध पशुधन को भी रखा जा सकेगा। फूसगढ़ में गौशाला का संचालन नगर निगम की ओर से किया जा रहा है जिसमें करीब 1050 गौवंश को रखा गया है। पुरानी अनाज मंडल रोड स्थित श्री कृष्ण गौशाला में करीब 950 और अर्जुन गेट के पास स्थित श्री राधा कृष्णा गौशाला में करीब 1200 बेसहारा पशुओं को रखा गया है।
फोटो कैप्शन- करनाल में वीरवार को जिला सचिवालय में बेसहारा पशुओं के पुनर्वास को लेकर आयोजित वीडियो कान्फ्रेसिंग में मौजूद उपायुक्त अनीश यादव व अन्य अधिकारी।


















