नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत छात्र छात्राओं को नशे से दूर रहने तथा यातायात के नियमों का पालन करने का किया आव्हान

आईरा न्यूज़ नेटवर्क नहटौर से महकार सिंह तोमर
नहटौर। नया सवेरा कार्यक्रम के तहत पुलिस अधीक्षक दिनेश सिंह ने ऑक्सफोर्ड सीनियर सेकेंडरी स्कूल में नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत छात्र छात्राओं को नशे से दूर रहने तथा यातायात के नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई। स्कूल में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक डॉ.दिनेश सिंह ने कवि दुष्यंत कुमार की कविता की लाइन “कौन कहता है आसमान में सुराख नहीं हो सकता, एक पत्थर तो तबियत से उछालो यारो” से शुरू किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने 40 दिन पूर्व जनपद को नशा मुक्त बनाने का अभियान चलाया था। जिसके अंतर्गत जनपद की पुलिस ने नशे का कारोबार करने वालों पर शिकंजा कसते हुए कई लोगों को जेल भेज दिया है। वहीं नशा करने वाले क साथ सहानुभूति अपनाते हुए उसे सुधारने का प्रयास किया जा रहा जिसके लिए उन्होंने अब तक कई लोगों को नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया है। उन्होंने कहा कि नशा विश्व का तीसरा सबसे बड़ा बिजनेस है। आज स्कूल कॉलेज में पढ़ने वाले बच्चे भी नशे की लत में पड़ रहे हैं। जबकि बच्चे देश का भविष्य होते हैं बच्चों को इससे दूर रहना चाहिए। उन्होंने नहटौर पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि यहां की पुलिस ने ड्रग्स के साथ एक दम्पति को पकड़कर क्षेत्र में नशे के कारोबार की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि उनकी ओर से एक हैल्पलाइन नंबर 8650601010 जारी किया है जिस पर कोई भी सूचना दे सकता है। इसके बाद उन्होंने सभी को नशे की लत से दूर रहने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने सभी छात्रों से स्वयं व अपने परिजनों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट लगाने के लिए प्रेरित करने का आव्हान करते हुए शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम को एसपी सिटी डॉ.प्रवीण रंजन, एसपी पूर्वी धर्म सिंह मार्छाल, एसडीएम धामपुर मनोज कुमार, सीओ धामपुर इंदु सिद्धार्थ आदि ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर नहटौर डिग्री कॉलेज नहटौर के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, चेयरमैन आशीष सिंघल, धामपुर की पूर्व पालिका चेयरपर्सन लीना सिंघल, प्रधानचार्य इदरीस अहमद, वीके इंटरनेशनल स्कूल के डायरेक्टर राकेश चमोली, कपिल शर्मा, राकेश अग्रवाल आदि मौजूद रहे।


















