एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने किया ग्रीन कॉरिडोर प्रोजेक्ट के तृतीय चरण के स्थल का निरीक्षण

– पिपराघाट से शहीद पथ के बीच काम में तेजी के दिए निर्देश, बारिश से पहले पूरा होगा लैंड फिलिंग का कार्य
लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा पिपराघाट से शहीद पथ के बीच ग्रीन कॉरिडोर प्रोजेक्ट के तृतीय चरण का काम तेजी से चल रहा है। लगभग 05 किलोमीटर लंबे इस स्ट्रेच में कॉरिडोर बनने से अयोध्या रोड व कानपुर रोड एवं किसान पथ की ओर जाने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी। यह सफर चंद मिनटों में ही तय हो जाएगा। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने मंगलवार को इस पूरे रूट का निरीक्षण करके कार्य की प्रगति देखी।
बारिश से पहले पूरा करें लैंड फिलिंग का काम
उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने कहा कि बंधा चौड़ीकरण एवं बारिश से पहले मिट्टी डालने का कार्य तत्काल प्रभाव से कराया जाये। उपाध्यक्ष ने निर्देश दिये कि भविष्य में ग्रीन कॉरिडोर संचालित होने पर उक्त सड़क पर भी ट्रैफिक का काफी लोड आएगा। इसे ध्यान में रखते हुए उन्होंने सुल्तानपुर रोड (मरी माता मंदिर के बगल) से ग्रीन कॉरिडोर पर आर्मी लैंड तक रोड एवं पक्का नाला बनाने निर्देश दिया। उपाध्यक्ष ने जल्द से जल्द ये सभी कार्य शुरू कराने के निर्देश दिये।
शहीद पथ से किसान पथ तक बनेगा फ्लाईओवर
उपाध्यक्ष ने शहीद पथ से किसान पथ तक लूप एवं फ्लाईओवर के डिमार्केशन का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि बारिश से पहले लैंड फिलिंग का कार्य पूरा किया जाये। साथ ही, ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के चतुर्थ चरण के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
इस मौके पर प्रभारी अधिकारी – अर्जन संगीता राघव, मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह, अधीक्षण अभियंता नवनीत शर्मा, जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी, अधिशासी अभियंता मनोज सागर एवं अजीत सिंह समेत अन्य अधिकारी व अभियंता गण उपस्थित रहे।


















