आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने धरना देकर दिया ज्ञापन

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने धरना देकर दिया ज्ञापन
कन्नौज-अवनीश चंद्र तिवारी
आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले आज कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया गया और बाद में अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा गया।
कार्यकत्रियों ने सौंपे गए ज्ञापन में कहा है कि सीधी भर्ती से पहले नियमानुसार 50 फीसदी पदों पर विभागीय प्रमोशन आंगनवाड़ी कार्यकत्री से मुख्य सेविका व सहायिका से कार्यकत्री की वर्षों लंबित प्रक्रिया को पूरा किया जाए जिससे अपने प्रमोशन की बाट जोह रही वरिष्ठ व योग्य तथा अहर्ता रखने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्री प्रमोशन पा सके।
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने यह भी कहा कि मोबाइल से डाटा का कार्य नहीं हो पा रहा है। सबसे बड़ी समस्या उचित प्रशिक्षण की है जो विभागीय अधिकारियों द्वारा नहीं दिया जा रहा है। शासन का कार्य समय से नहीं हो पा रहा है। आवश्यक संसाधन न देने व प्रशिक्षण न देने की बजाय अधिकारी बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कर्मचारियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई कर रहे हैं जो अनुचित है इसे तत्काल रोका जाए। ऑनलाइन फीडिंग का कार्य तत्काल स्थगित किया जाए।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष ममता मिश्रा, नीलम भदौरिया, रागिनी, लक्ष्मी देवी, सीमा कनौजिया, अरुणा देवी, पूनम सेंगर, रेखा देवी, सुलेखा, सीमा सहित बड़ी संख्या में कार्यकत्री मौजूद रहीं।


















