रिहायशी मकान मे मिला अवैध विस्फोटक सामग्री का ज़खीरा,एसडीएम ने की कार्यवाही

हरिद्वार / उत्तराखंड (रिज़वान अहसन ),,,,दीपावली से पहले अवैध पटाखा कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए प्रशासन ने बड़ा अभियान शुरू किया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर गुरुवार को एसडीएम जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में लोधा मंडी और पीठ बाजार में छापेमारी की।
इस कार्रवाई के दौरान एक रिहायशी मकान से भारी मात्रा में पटाखों का अवैध भंडारण बरामद किया गया। जब मकान मालिक से भंडारण के लिए विस्फोटक पदार्थों का लाइसेंस मांगा गया, तो वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
लाइसेंस के अभाव और विस्फोटक अधिनियम के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने तत्काल कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मकान मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया प्रगति पर है।
एसडीएम जितेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि त्योहार के मद्देनज़र जनसुरक्षा सर्वोपरि है, और ऐसे अवैध कारोबार पर प्रशासन की सख्त नजर बनी रहेगी।























