नगर आयुक्त ने सफाई व्यवस्था का लिया जायजा, सड़क निर्माण की गुणवत्ता देखी, दिए निर्देश

वाराणसी। नगर क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से शनिवार की सुबह नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने ईश्वरगंगी वार्ड का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों तथा जनसुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने ईश्वरगंगी तालाब के आसपास की सफाई व्यवस्था का विशेष रूप से निरीक्षण किया। तालाब के आसपास गंदगी की स्थिति को देखते हुए उन्होंने तत्काल साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र में दो बड़े कूड़ादान रखने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया, ताकि स्थानीय लोग कूड़ा इधर-उधर न फैलाएं और आसपास का वातावरण स्वच्छ बना रहे।
नगर आयुक्त ने वार्ड में निर्माणाधीन नई सड़क का भी बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच करते हुए स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य मानकों के अनुसार ही कराया जाए और कार्य की नियमित निगरानी की जाए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त को स्थानीय लोगों की ओर से यह शिकायत भी प्राप्त हुई कि वार्ड में घर-घर से कूड़ा संग्रहण का कार्य नियमित रूप से नहीं हो रहा है। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों और कूड़ा उठान के लिए जिम्मेदार संस्था को सख्त निर्देश दिए कि वार्ड के प्रत्येक घर से नियमित रूप से कूड़ा उठाया जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए घर-घर से कूड़ा संग्रहण सुनिश्चित करना आवश्यक है।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाए और कहीं भी गंदगी दिखाई देने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस दौरान जोनल अधिकारी मृत्युंजय नारायण मिश्रा, जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता, सामान्य अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता तथा मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।




























