उत्तरप्रदेश

कम होने के बजाय बढ़ती जा रहीं शमसाबाद थाना पुलिस की मुश्किलें

WhatsApp Image 2025-09-22 at 11.03.20
previous arrow
next arrow

राजकीय पशु चिकित्सालय फैज बाग का ताला तोड़कर चोरी, स्टाफ रूम व मेडिसिन रूम में तोड़फोड़

लगातार हो रहीं चोरी की घटनाओं से आमजन में दहशत, पुलिस पर उठ रहे सवाल

शमसाबाद फर्रुखाबाद।शमसाबाद थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। कम होने के बजाय लगातार बढ़ती जा रही चोरी की वारदातों ने जहां शमसाबाद थाना पुलिस की मुश्किलें बढ़ा दी हैं, वहीं आम लोगों का चैन और भरोसा भी टूटता नजर आ रहा है। ताजा मामला कस्बा फैज बाग स्थित राजकीय पशु चिकित्सालय का है, जहां अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे और घने कोहरे का फायदा उठाते हुए स्टाफ रूम और मेडिसिन रूम के ताले तोड़कर चोरी और जमकर तोड़फोड़ की। घटना की जानकारी मिलते ही पशु चिकित्सा विभाग के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शमसाबाद थाना क्षेत्र में बीते कुछ दिनों से अज्ञात चोरों का आतंक बना हुआ है। आए दिन कहीं न कहीं ताले टूटने, घरों में चोरी और सरकारी प्रतिष्ठानों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं सामने आ रही हैं। भीषण सर्दी और घने कोहरे का लाभ उठाकर अज्ञात चोर बेखौफ होकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। इन वारदातों से जहां पुलिस प्रशासन के सामने चुनौती खड़ी हो गई है, वहीं आमजन खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।

इसी कड़ी में बीती रात अज्ञात चोरों ने शमसाबाद कस्बे के फैज बाग स्थित राजकीय पशु चिकित्सालय को निशाना बनाया। बताया गया कि चोर पश्चिम दिशा में लगे जंगले की लोहे की सरियों को तोड़कर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने सबसे पहले स्टाफ रूम का ताला तोड़ा और अंदर रखे सामान को खंगाल डाला। इतना ही नहीं, चोरों ने मेडिसिन रूम का भी ताला तोड़ दिया और वहां रखी दवाओं व अन्य सामग्री के साथ तोड़फोड़ की। हालांकि चोरी गए सामान की सही जानकारी फिलहाल नहीं हो सकी है।

घटना का पता गुरुवार की सुबह उस समय चला, जब राजकीय पशु चिकित्सालय में कार्यरत कर्मचारी रोजाना की तरह ड्यूटी पर पहुंचे। जैसे ही उन्होंने स्टाफ रूम और अन्य कमरों के ताले टूटे देखे, उनके होश उड़ गए। तत्काल उन्होंने इस घटना की सूचना वरिष्ठ पशु चिकित्सक को दी। सूचना मिलते ही पशु चिकित्सालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की जानकारी मिलने पर पशु चिकित्सक सुधीर कुमार मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने टूटे ताले, बिखरा सामान और मेडिसिन रूम में हुई तोड़फोड़ को देखा। इसके बाद उन्होंने अज्ञात चोरों के खिलाफ शमसाबाद थाना पुलिस को लिखित तहरीर दी। पशु चिकित्सक सुधीर कुमार ने बताया कि वर्तमान में पशु चिकित्सक अखिलेश कुमार अवकाश पर हैं। उनके अवकाश से वापस आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कितने और कौन-कौन से सामान चोरी हुए हैं। फिलहाल चोरी गए सामान की सूची बाद में उपलब्ध कराई जाएगी।

राजकीय पशु चिकित्सालय जैसी सरकारी संस्था में चोरी की घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है। लोगों का कहना है कि जब सरकारी संस्थान ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों के घर और दुकानें कैसे सुरक्षित रह सकती हैं। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश भी देखा जा रहा है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी शमसाबाद थाना क्षेत्र में चोरी की कई बड़ी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। महज दो दिन पूर्व ही थाना क्षेत्र के गांव कुइयां खेड़ा और कुइया संत में चोरों ने एक साथ आठ घरों के ताले तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। इनमें एक होमगार्ड का घर भी शामिल था। बताया गया कि होमगार्ड कादरी गेट फर्रुखाबाद में ड्यूटी पर तैनात है, जबकि दूसरा होमगार्ड कायमगंज में डायल 112 पर कार्यरत है। इसके बावजूद चोरों ने उनके घरों को भी नहीं बख्शा, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से शमसाबाद क्षेत्र के ग्रामीण और कस्बावासी भयभीत हैं। लोगों का कहना है कि रात होते ही क्षेत्र में सन्नाटा पसर जाता है और चोरों का खौफ लोगों की नींद उड़ा देता है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस गश्त न के बराबर है, जिसका फायदा उठाकर चोर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

इन घटनाओं के बाद शमसाबाद थाना पुलिस पर भी दबाव बढ़ गया है। सूत्रों के अनुसार पुलिस अब चोरी की घटनाओं को लेकर सक्रिय हो गई है और अज्ञात चोरों की तलाश में लगातार छापामारी कर रही है। पुलिस आसपास के इलाकों में संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है और पुराने अपराधियों की कुंडली भी खंगाली जा रही है। बताया गया है कि समाचार लिखे जाने तक छापामारी का दौर जारी था।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि घने कोहरे और सर्दी के कारण चोरों को वारदात करने में आसानी मिल रही है, लेकिन पुलिस भी अब पूरी सतर्कता के साथ काम कर रही है। जल्द ही चोरी की घटनाओं का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं, आमजन की मांग है कि क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए।

राजकीय पशु चिकित्सालय में हुई चोरी की घटना ने न सिर्फ पशु चिकित्सा विभाग को झकझोर दिया है, बल्कि पुलिस प्रशासन के लिए भी यह एक बड़ी चुनौती बन गई है। अब देखना यह है कि शमसाबाद थाना पुलिस इन बढ़ती चोरी की घटनाओं पर कितनी जल्दी अंकुश लगा पाती है और आम जनता का खोया हुआ भरोसा कब तक बहाल हो पाता है।

Sallauddin Ali

50% LikesVS
50% Dislikes

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
close