कमिश्नरी में लगा फरियादियों का मेला, मंडलायुक्त एस राजलिंगम ने सुनी जनता की पीड़ा

वाराणसी, 06 मार्च 2026। कमिश्नरी कार्यालय में शुक्रवार को उस समय फरियादियों की भीड़ उमड़ पड़ी जब मंडलायुक्त एस राजलिंगम ने जनसुनवाई कर मंडल के विभिन्न जिलों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। दूर-दराज से आए नागरिक अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे, जहां मंडलायुक्त ने एक-एक कर सभी की बात ध्यानपूर्वक सुनी और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने स्पष्ट कहा कि आम जनता की समस्याओं का समय पर समाधान करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जन शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और तय समय सीमा के भीतर उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनसुनवाई के दौरान सबसे अधिक मामले भूमि विवाद, राजस्व संबंधी समस्याएं, सड़क-नाली निर्माण और अन्य विभागीय शिकायतों से जुड़े सामने आए। कुछ मामलों में मंडलायुक्त ने मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश देकर निस्तारण कराया, जबकि अन्य मामलों को संबंधित विभागों को भेजते हुए शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
जनसुनवाई के दौरान मंडलायुक्त ने अधिकारियों को यह भी हिदायत दी कि जनता से जुड़े मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शिकायतों के समाधान में पारदर्शिता तथा जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।
कमिश्नरी कार्यालय में आयोजित इस जनसुनवाई में बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे और अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद के साथ प्रशासन के सामने अपनी बात रखी।


















