आवारा कुत्तों के हमलों से मासूम बच्चियों की दर्दनाक मौत के मामले में उत्तर प्रदेश राज्य मानवाधिकार आयोग ने संज्ञान लेते हुए दर्ज की शिकायत!!
मानवाधिकार आयोग ने लिया संज्ञान, मुरादाबाद में मासूम बच्चियों की मौत पर UPHRC में शिकायत दर्ज
मुरादाबाद/लखनऊ | आईरा न्यूज़ नेटवर्क
मुरादाबाद–संभल परिक्षेत्र के डिलारी थाना क्षेत्र अंतर्गत काज़ीपुरा ग्राम में आवारा कुत्तों के हमलों से मासूम बच्चियों की दर्दनाक मौत के मामले में उत्तर प्रदेश राज्य मानवाधिकार आयोग ने संज्ञान लेते हुए शिकायत दर्ज कर ली है।

World Accreditation of Human Rights से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ता जरीस मलिक द्वारा दायर शिकायत को आयोग ने डायरी संख्या 551/IN/2026 (दिनांक 23 जनवरी 2026) आवंटित की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जिला प्रशासन को लगातार चेतावनियों, पूर्व घटनाओं और Known & Foreseeable Risk के बावजूद कोई प्रभावी रोकथामात्मक कदम नहीं उठाए गए, जिसके परिणामस्वरूप मासूम बच्चों की जान चली गई। इसे संवैधानिक शासन की विफलता (Failure of Constitutional Governance) बताते हुए भारतीय संविधान के अनुच्छेद 21 (जीवन का अधिकार), 14, 15(3) एवं 39(f) के गंभीर उल्लंघन का मामला बताया गया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार यह केवल प्रशासनिक लापरवाही नहीं, बल्कि राज्य द्वारा बच्चों के जीवन की रक्षा के संवैधानिक दायित्व से पलायन है। आयोग से दोषी अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराने तथा पीड़ित परिवारों को समुचित मुआवज़ा दिलाए जाने की माँग की गई है।
मानवाधिकार आयोग द्वारा शिकायत पंजीकृत किए जाने के बाद अब जिला प्रशासन की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं और आगामी कार्रवाई पर सभी की नज़रे टिकी है






