असमीया फिल्म ‘गुडबाय गुरुजी’ बनी टीन इंडी फिल्म अवॉर्ड्स 2025 की ओपनिंग फिल्म

गुवाहाटी, 10 नवंबर: टीन इंडी फिल्म अवॉर्ड्स (टी आई एफ ए) 2025 में आज असमीया फीचर फिल्म ‘गुडबाय गुरुजी’ का प्रदर्शन उद्घाटन फिल्म के रूप में किया गया। यह फिल्म महोत्सव आर वी यूनिवर्सिटी, बेंगलुरु द्वारा आयोजित किया जा रहा है, जो 10 से 14 नवंबर तक चलेगा।
अरुणजीत बरा द्वारा निर्देशित फिल्म ‘गुडबाय गुरुजी’ में पार्थ प्रतिम हाजरिका और आईमी बरुआ ने मुख्य भूमिकाएँ निभाई हैं। हाल ही में इस फिल्म का प्रदर्शन फेस्टिवल गंगे सुर सेन, पेरिस, फ्रांस में किया गया था। अपनी सशक्त कहानी और सांस्कृतिक गहराई के लिए यह फिल्म पहले ही सराहना प्राप्त कर रही है।
बेंगलुरु में फिल्म के प्रदर्शन से पहले अपनी भावनाएँ व्यक्त करते हुए निर्देशक अरुणजीत बरा ने कहा,“मैं ‘गुडबाय गुरुजी’ के टी आई एफ ए (टीआईएफए) में प्रदर्शन को हमारे प्रिय जुबिन गार्ग की स्मृति को समर्पित करता हूँ। यह हम सभी के लिए अत्यंत कठिन समय है, क्योंकि हम अब तक इस महान कलाकार के निधन के दुख को स्वीकार नहीं कर पाए हैं।”
10 नवंबर को टी आई एफ ए में उद्घाटन फिल्म के प्रदर्शन से पहले जुबिन गार्ग को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
फिल्म की अंतर्राष्ट्रीय सराहना पर विचार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा, “ पेरिस में फिल्म देखने आए दर्शकों को इसका कॉन्सेप्ट बहुत पसंद आया। फिल्म में असम की हजारों साल पुरानी भाओना परंपरा को बेहद खूबसूरती से दर्शाया गया है। मुझे पूरा विश्वास है कि आरवी यूनिवर्सिटी के युवा दर्शक भी फिल्म के विचार और इसके प्रस्तुतिकरण से गहराई से जुड़ेंगे।”
भारतीय राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम लिमिटेड (एन एफ डी सी) द्वारा सिनेक्राफ्ट प्रोडक्शंस के सहयोग से और भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के समर्थन से निर्मित फिल्म ‘गुडबाय गुरुजी’ के अगले वर्ष असम के सिनेमाघरों में रिलीज़ होने की उम्मीद है।
फिल्म में रूपज्योति महंता, रूपकुमार बोराह, नबा महंता और अन्यून कश्यप प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। कहानी संजीव तिवारी द्वारा लिखी गई है, जबकि पटकथा अरुणजीत बरा और महार्षि तुहिन काश्यप ने तैयार की है, जो फिल्म के सह-निर्देशक भी हैं। इस फिल्म की एसोसिएट प्रोड्यूसर अपराजिता भुइयां हैं। फिल्म की दृश्य सौंदर्य रचना में छायांकन निर्देशक (डीओपी) आशुतोष काश्यप, कला निर्देशक अरूप दत्त, मेक-अप डिज़ाइनर पंकु हाजरिका और डी आई कलरिस्ट हैडविट बागलारी का योगदान है। संगीत तराली शर्मा ने दिया है, ध्वनि डिज़ाइन और आर आर मिक्सिंग देबजीत गयान ने की है, जबकि संपादन रंतु चेतिया द्वारा किया गया है। मुख्य सहायक निर्देशक चिन्मय दत्त, निर्माता पृथुल कुमार और सह-निर्माता सिनेक्राफ्ट प्रोडक्शंस के विवेक अग्रवाल हैं।





