उत्तरप्रदेश

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दंपति समेत तीन घायल

WhatsApp Image 2025-09-22 at 11.03.20
previous arrow
next arrow

शमसाबाद के फैजबाग में हादसा, एंबुलेंस से सीएचसी में भर्ती, चालक वाहन सहित फरार

शमसाबाद फर्रुखाबाद।कायमगंज–फर्रुखाबाद मार्ग पर शमसाबाद थाना क्षेत्र के कस्बा फैजबाग स्थित एक पेट्रोल पंप के निकट गुरुवार को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दंपति और उनका नाती गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास से गुजर रहे लोगों की भीड़ एकत्र हो गई, जिन्होंने घायलों को संभालते हुए तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। एंबुलेंस के माध्यम से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमशाबाद में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कादर दादपुर सरैया निवासी आसाराम अपनी पत्नी धन देवी और नाती कार्तिक के साथ बाइक से जनपद के गांव महलई मिलकिया गए थे। धन देवी ने बताया कि उनके मायके में भाभी के भाई की मौत की सूचना मिली थी, जिस पर वह पति आसाराम के साथ मायके गई थीं। गुरुवार को वे लोग बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक कायमगंज–फर्रुखाबाद मार्ग पर शमसाबाद थाना क्षेत्र के कस्बा फैजबाग स्थित कोल्ड स्टोर के पास बने पेट्रोल पंप के समीप पहुंची, तभी पीछे अथवा सामने से आए एक अज्ञात वाहन के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के तुरंत बाद अज्ञात वाहन का चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना के बाद मार्ग पर कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने मानवीयता दिखाते हुए घायलों को सड़क से उठाया और सुरक्षित स्थान पर बैठाया। इसके बाद 108 नंबर पर कॉल कर एंबुलेंस को बुलाया गया।सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची एंबुलेंस के चालक प्रदुमन कुमार और ईएमटी सुरेश पाल ने प्राथमिक सहायता देते हुए घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमशाबाद पहुंचाया। चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार कर हालत पर नजर रखी हुई है। बताया जा रहा है कि दंपति को अधिक चोटें आई हैं, जबकि नाती कार्तिक को भी चोटें लगी हैं, हालांकि सभी की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।दुर्घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। परिजन भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए हैं। घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को भी दी गई है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Sallauddin Ali

50% LikesVS
50% Dislikes

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
close