कन्नौज से गुजरेगी माता अन्नपूर्णा देवी की दुर्लभ मूर्ति की पुनर्स्थापना यात्रा
कन्नौज – कल जनपद कन्नौज से गुजरेगी माता अन्नपूर्णा देवी की दुर्लभ मूर्ति की पुनर्स्थापना यात्रा। यात्रा को भव्य व यादगार बनाये जाने हेतु हर संभव प्रयास सुनिश्चित किये जायें। यात्रा में धार्मिक संगठन, स्थानीय जनता एवं श्रद्धालुओं के साथ साथ मा0 जनप्रतिनिधि भी रहेंगे सम्मिलित।
उक्त निर्देश आज जिलाधिकारी श्री राकेश कुमार मिश्र एवं पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत वर्मा द्वारा संयुक्त रूप से माता अन्नपूर्णा देवी की दुर्लभ मूर्ति की पुनर्स्थापना यात्रा के आगमन व प्रस्थान मार्ग के निरीक्षण के उपरांत उपस्थित अधिकारियों को दिए।
उन्होंने सर्वप्रथम पूर्ण मार्ग का निरीक्षण किया एवं मार्ग पर सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक दिशा निर्देश संबंधित उपजिलाधिकारी व क्षेत्राधिकारियों को दिए। उन्होंने कन्नौज के नवीगंज से आने वाले मार्ग एवं स्वागत स्थल का निरीक्षण करते हुए यात्रा में सुरक्षा व्यवस्था को बनावे रखने एवं यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्वागत करते हुए पुष्प वर्षा किये जाने हवतु रूप रेखा तैयार कर आवश्यक निर्देश दिये।
उन्होंने बताया कि जनपद कन्नौज बॉर्डर नवीगंज में यात्रा लगभग 01:00 बजे तक पहुँचेगी जहां यात्रा का स्वागत भव्य रुप से किया जाएगा। जिसके उपरांत प्रेमपुर में पुष्पवर्षा होते हुए यात्रा द्वारा छिबरामऊ पीपल चौराहा मंदिर आरती करते हुए कार्यक्रम को भव्य रूप दिया जाएगा। एवं छिबरामऊ क्षेत्र के अंतरिम स्थान से निकलते हुए यात्रा का स्वागत अकबरपुर, सिकंदरपुर, सराय दौलत, सराय प्रयाग, तेराजाकेट, इस्माइलपुर पर पुष्पवर्षा होते हुए गुरसहायगंज स्थित राम जानकी मंदिर पर आरती करते हुए जलालाबाद, कन्नौज देहात के सुजान सराय होते हुए तिर्वा क्षेत्र के अंतर्गत ठठिया चौराहा से होते हुये माता अन्नपूर्णा देवी मंदिर पर आरती हेतु रुकेगी, जिसके उपरांत फगुआ भट्टा, बहरिन, शरीफापुर, गोलकुंआ चौराहा होते हुए तिर्वा क्रासिंग, सरायमीरा, मानीमऊ के रास्ते कानपुर के लिए प्रस्थान करेगी। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी श्री आर0एन0 सिंह, संबंधित उपजिलाधिकारी व क्षेत्राधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।






