AIRA NEWS NETWORK – जनपद मुजफ्फरनगर के जिला जज के रूप में बेहद मिलनसार, व्यवहार कुशल कानूनविद चवन प्रकाश ने कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत जिला जजशिप की न्यायिक प्रक्रिया में तेजी ला दी हैं। प्रतिदिन ठीक प्रातः10:00 बजे सेशन कोर्ट में बैठने वाले और समय से प्रार्थना पत्रों को सुनने की कवायद के साथ ही मातहत सभी न्यायालयों में सुनवाई के दौरान तेजी से सुनवाई प्रक्रिया देखी जा सकती है।
परंपरा के अनुसार बार और बेंच के चीफ एडिटर आरिफ शीश महली एडवोकेट ने अपनी प्रथम मुलाकात में जनपद न्यायधीश से विशेष वार्ता के दौरान पाया कि बार और बेंच के मधुर संबंध कायम रखने वाले नवागत जिला जज पीड़ितों को शीघ्र पारदर्शी न्याय देने वाले न्यायिक अधिकारी हैं। वार्ता के दौरान जनपद न्यायाधीश चवन प्रकाश ने कहा कि बार और बेंच न्याय रूपी एक रथ के दो पहिए हैं, अधिवक्ता के बिना न्याय पाना मुश्किल है, अधिवक्ताओं का सम्मान है जो हमेशा कायम रहेगा।
उन्होंने जूनियर अधिवक्ताओं का आह्वान किया कि अपने बड़े सीनियर अधिवक्ताओं का सम्मान करें, लगन से काम करें , धैर्य बनाए रखें और पवित्र विधि व्यवसाय की गरिमा बनाए रखें, सफलता निश्चित मिलेगी। उन्होंने विधि प्रतियोगिताओं की तैयारी करने वाले अधिवक्ताओं को भी सलाह देते हुए कहा कि लगन व मेहनत के साथ अपने विषय की तैयारी करें , प्रचलित कानून व नवीनतम न्यायिक निर्णय और ज्ञान का अध्ययन करें सफलता कदम चूमेगी।
जनपद न्यायाधीश चवन प्रकाश ने आगामी 11 दिसंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में आपसी सुलह के आधार पर अपने वादों का निस्तारण कराने का आह्वान किया है। आपको बता दें कि दिसंबर 2008 के एचजेएस प्रथम बार जनपद फर्रुखाबाद के जिला जज नियुक्त किए गए जिन्हें जनपद न्यायाधीश के रूप में दूसरा कार्यभार पश्चिम उत्तर प्रदेश के अति महत्वपूर्ण जनपद मुजफ्फरनगर का माननीय उच्च न्यायालय द्वारा दिया गया है। सदैव विवादों से दूर रहने वाले बेहद मधुरभाषी और व्यवहार कुशल न्यायिक अधिकारी के रूप में अपनी अलग पहचान रखते हैं जनपद न्यायाधीश चवन प्रकाश।
राजेश सिंघल की रिपोर्ट


















