श्री रघुपति’ के बाद रवि शर्मा और सुब्रत काकोटि की बनी जोड़ी, 7 अगस्त की रिलीज़ से पहले ‘ओईईई पुलिस!!!’ के ट्रेलर ने बढ़ाया उत्साह

गुवाहाटी: असमीया सिनेमा की इस वर्ष की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल रूटस्टॉक एंटरटेनमेंट्स की आगामी फीचर फिल्म ‘ओईईई पुलिस!!!’ के ट्रेलर लॉन्च के साथ सोमवार को इसकी रिलीज़ की उलटी गिनती आधिकारिक रूप से शुरू हो गई है। गुवाहाटी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान फिल्म का ट्रेलर जारी किया गया।
फिल्म का ट्रेलर एक ऐसी कहानी की झलक पेश करता है, जिसमें एक्शन, हास्य, भावनाएँ और पारिवारिक मनोरंजन का बेहतरीन मिश्रण देखने को मिलता है। साथ ही यह संकेत भी देता है कि फिल्म की कहानी पारंपरिक पुलिस ड्रामा की सीमाओं से कहीं आगे जाती है। 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही ‘ओईईई पुलिस!!!’ में सुपरस्टार रवि शर्मा और अमृता गगै मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म चर्चित ‘श्री रघुपति’ के बाद रवि शर्मा और निर्देशक सुब्रत (सुव) काकोटि की बहुप्रतीक्षित वापसी मानी जा रही है।
ट्रेलर लॉन्च के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए सुपरस्टार रवि शर्मा ने कहा,”हर फिल्म अपने आप में खास होती है, लेकिन इस फिल्म को लेकर उत्साह कुछ अलग ही है। ट्रेलर लॉन्च के बाद आज हमें दर्शकों से जो प्यार और उत्साह मिला है, वह अभिभूत करने वाला है। इससे यह स्पष्ट होता है कि लोग इस कहानी को बड़े पर्दे पर देखने के लिए उत्सुक हैं। मुझे पूरी उम्मीद है कि ‘ओईईई पुलिस!!!’ 7 अगस्त को सिनेमाघरों में दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेगी और परिवारों को एक यादगार सिनेमाई अनुभव प्रदान करेगी।”
फिल्म के बारे में बात करते हुए निर्देशक सुब्रत (सुव) काकोटि ने कहा,”शुरुआत से ही हमारा उद्देश्य ऐसी संपूर्ण मनोरंजक फिल्म बनाना था, जिसे लोग अपने परिवार के साथ बड़े पर्दे पर देखने का आनंद लें। हमने पटकथा, कलाकारों के अभिनय, संगीत और फिल्म के दृश्यात्मक स्तर पर बेहद मेहनत की है, क्योंकि आज के दर्शक क्षेत्रीय सिनेमा से पहले की तुलना में कहीं अधिक अपेक्षाएँ रखते हैं। ट्रेलर तो केवल एक झलक है, असली फिल्म में दर्शकों के लिए कई और रोमांचक सरप्राइज उनका इंतज़ार कर रहे हैं।”
मुख्य अभिनेत्री अमृता गगै ने कहा कि ट्रेलर लॉन्च के दौरान मिला उत्साहपूर्ण स्वागत इस बात का प्रमाण है कि दर्शकों का असमिया सिनेमा के प्रति प्रेम आज भी बरकरार है। उन्होंने कहा,”ट्रेलर को मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया ने हमें यह भरोसा दिलाया है कि अच्छी कहानियाँ हमेशा अपने दर्शकों तक पहुँचती हैं। रवि दा के साथ काम करना और सुव के निर्देशन में अभिनय करना मेरे लिए एक शानदार सीखने का अनुभव रहा है। अब मैं बेसब्री से उस दिन का इंतजार कर रही हूँ, जब दर्शक सिनेमाघरों में पूरी फिल्म देखेंगे।”
‘श्री रघुपति’ के बाद रवि शर्मा, सुब्रत काकोटि और प्रणय दत्ता की सफल तिकड़ी एक बार फिर साथ लौट रही है। वहीं, ट्रेलर लॉन्च के दौरान मिली शानदार प्रतिक्रिया ने फिल्म को लेकर दर्शकों का उत्साह और भी बढ़ा दिया है। अब ‘ओईईई पुलिस!!!’ 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने के लिए तैयार है। यह फिल्म असमिया दर्शकों के लिए भरपूर मनोरंजन से भरपूर एक संपूर्ण सिनेमाई अनुभव देने का वादा करती है।


















