करनाल: उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना का संक्रमण कम होने लगा है, लेकिन लोगों को कोविड प्रोटोकॉल जैसे घर से बाहर जाते समय मास्क का प्रयोग, भीड़ में न जाना, किसी से भी बात करते समय दो गज की दूरी बनाकर रखना तथा बार बार हाथ धोते रहना इत्यादि नियमों की पालना करते रहना है। क्योंकि कोरोना महामारी से लापरवाही भारी पड़ सकती है।
उपायुक्त ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना के प्रति बढ़ती जागरूकता के परिणाम स्वरूप कोरोना संक्रमण कम होना शुरू हो गया है। प्रशासन द्वारा जिला में कोरोना के संक्रमण को कम करने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सरकार के निर्देशानुसार गांवों में सर्वे का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। व्यक्तिगत सम्पर्क कार्यक्रम में लगभग सभी गांवों में काउंसलिंग की जा चुकी है। ग्रामीणों को कोरोना के संक्रमण से बचाव के साथ-साथ पौष्टिक व विटामिन से भरपूर भोजन खाना चाहिए और बच्चों को संक्रमण से बचाने के लिए उन्हें घर से बाहर ना निकलने दें।
उन्होंने कहा है कि ग्रामीण लापरवाही न करें, क्योंकि कोरोना के संक्रमण का खतरा अभी टला नहीं है। ग्रामीण इस बीमारी के प्रति जागरूक बनें तथा इसे शहरी या ग्रामीण क्षेत्र विशेष की बीमारी न समझें। सभी व्यक्ति मास्क का प्रयोग करें तथा दो गज की दूरी का पालन करते हुए हुक्का, ताश व सामाजिक बैठकों में इक्कठा न हो। अफवाहों पर ध्यान ना देकर ज्यादा से ज्यादा लोग टीकाकरण करवाए। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष से ऊपर का प्रत्येक नागरिक ऑनलाईन पंजीकरण करवाकर अपने नजदीकी वैक्सीन केन्द्र पर टीका जरूर लगवाएं।


















