वाराणसी में धर्म छिपाकर युवती से संबंध बनाने का आरोप, विरोध करने पर दी जान से मारने की धमकी

- कैंट थाना क्षेत्र की घटना, युवती की शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा
वाराणसी: कैंट थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने स्थानीय युवक पर अपनी असली पहचान छिपाकर उससे नजदीकियां बढ़ाने और संबंध बनाने का आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि जब उसे युवक की वास्तविक पहचान के बारे में जानकारी मिली और उसने उससे दूरी बनाने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, विरोध करने पर वह अपने साथियों के साथ युवती के घर पहुंच गया और उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिरयानी की दुकान पर हुई पहचान, धीरे-धीरे बढ़ी नजदीकियां
पीड़िता ने कैंट थाने में दी गई शिकायत में बताया कि वह क्षेत्र में किराए के मकान में रहती है और एक ट्रैवेल्स एजेंसी में काम करती है। उसके घर के पास ही एक युवक बिरयानी की दुकान चलाता है, जिसने अपना नाम शान सिंह बताया था। युवती के अनुसार, काम के कारण कई बार देर से घर लौटने की वजह से वह खाना नहीं बना पाती थी, ऐसे में अक्सर उसी दुकान से बिरयानी मंगवा लिया करती थी या कभी-कभी खुद भी वहां चली जाती थी। इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे पहचान बढ़ती चली गई। युवती का आरोप है कि इसी नजदीकी के दौरान दोनों के बीच संबंध भी बन गए।
युवक की असली पहचान सामने आने पर बढ़ा विवाद
कुछ समय बाद आसपास के लोगों से युवती को जानकारी मिली कि युवक का नाम शान सिंह नहीं बल्कि सऊद है और वह अपनी पहचान छिपाकर कई लड़कियों से संपर्क बनाता है। युवती के अनुसार जब उसने खुद इस बारे में जानकारी जुटाई तो उसे सच्चाई का पता चला। इसके बाद उसने तुरंत उससे दूरी बना ली और उससे मिलना-जुलना बंद कर दिया।
बदनाम करने और प्रताड़ित करने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि दूरी बनाने के बाद आरोपी ने उसे बदनाम करना शुरू कर दिया और लगातार मानसिक रूप से परेशान करने लगा। युवती का कहना है कि इस स्थिति से परेशान होकर वह अपने एक परिचित के साथ आरोपी की दुकान पर गई और फोन के माध्यम से उसे समझाने की कोशिश की कि वह उसके बारे में गलत बातें फैलाना बंद करे, अन्यथा वह पुलिस में शिकायत दर्ज कराएगी।
साथियों के साथ घर पहुंचा आरोपी, मारपीट का आरोप
युवती के अनुसार उसी दिन देर रात आरोपी सऊद अपने छह से सात अज्ञात साथियों के साथ उसके घर पहुंच गया। वहां उसने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इस दौरान मौके पर मौजूद उसके मित्र कुणाल के साथ भी हाथापाई की गई। शोर-शराबा सुनकर कॉलोनी का गार्ड मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव किया, जिसके बाद सभी आरोपी वहां से भाग निकले। जाते-जाते आरोपी ने युवती को जान से मारने की धमकी भी दी।


















