अविवादित फौती दर्ज करने में किसी भी स्तर पर न हो विलंब, निर्धारित अवधि के उपरांत असंक्रमणीय भूमि को किया जाये संक्रमणीय- जिलाधिकारी।

अविवादित फौती दर्ज करने में किसी भी स्तर पर न हो विलंब, निर्धारित अवधि के उपरांत असंक्रमणीय भूमि को किया जाये संक्रमणीय- जिलाधिकारी।
बैनामा कराने के पश्चात तत्काल क्रेता से मौके पर करें कब्जा प्राप्त, विवादित भूमि का बैनामा कराने पर क्रेता स्वयं होंगे जिम्मेदार- अंजनी कुमार।
आईरा न्यूज़ नेटवर्क सुबोधकुमार मैनपुरी
मैनपुरी संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील घिरोर में जन शिकायतें सुनने के दौरान जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह के सम्मुख जब नगला हरीसिंह नि. सिंधू कुमार ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि उसके पिता की मृत्यु 2018 में हो गई थी, बार-बार चक्कर लगाने के बाद भी लेखपाल द्वारा फौती दर्ज नहीं की जा रही है, लेखपाल द्वारा गांव में किसी व्यक्ति द्वारा मृतक के पुत्र के बारे में जानकारी न होने संबंधी आपत्ति दर्ज कर तहसीलदार कोर्ट में वाद दायर करा दिया है, जिस पर उन्होंने गांव के प्रधान से मोबाइल पर संवाद कर जानकारी करने पर प्रधान द्वारा मृतक के पिता के बारे में जानकारी होना बताया, मौके पर उपस्थित शिकायतकर्ता के अधिवक्ता ने भी लेखपाल द्वारा अनाधिकृत धनराशि की मांग की शिकायत की, जिस पर उन्होंने मौके पर ही नसीरपुर के लेखपाल विक्रम प्रताप सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने, आज ही फौती दर्ज कराने के निर्देश उप जिलाधिकारी को देते हुये कहा कि अविवादित फौती प्राथमिकता पर दर्ज कराकर 13 दिन के भीतर मृतक के वारिसान को उपलब्ध करायी जाये। नगला राजा कोसमा हिनूद नि. परशुराम ने बताया कि गाटा संख्या-2661, 2803 असंक्रमणीय से संक्रमणीय करने हेतु विगत कई माह से निरंतर प्रार्थना पत्र दे रहा है लेकिन लेखपाल को अनुचित राशि न देने के कारण भूमि को संक्रमणीय नहीं किया जा रहा है, जिस पर उन्होंने क्षेत्रीय लेखपाल अनुराग यादव को कार्यों में शिथिलता बरतने पर आरोप पत्र निर्गत करने, तत्काल भूमि को संक्रमणीय दर्ज कराने के निर्देश उप जिलाधिकारी को देते हुए कहा कि निर्धारित अवधि 05 वर्ष पूर्ण होने के पश्चात असंक्रमणीय भूमि को संक्रमणीय घोषित किया जाए, इसमें किसी भी स्तर पर विलंब न हो सुनिश्चित किया जाए।
श्री सिंह ने फैजपुर नि. अनिरुद्ध पाल सिंह द्वारा खतौनी में उसका नाम अनुरुद्धपाल होने के कारण फार्मर रजिस्ट्री न होने की शिकायत पर उन्होंने मौके पर शिकायतकर्ता का नाम दुरुस्त कराकर फार्मर रजिस्ट्री के उपरांत तत्काल नाम शुद्धिकरण, फार्मर रजिस्ट्री प्रपत्र उपलब्ध कराकर शिकायतकर्ता को तत्काल राहत प्रदान की। भूमिराजपुर नि. चंद्रवीर सिंह ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि विद्युत का बिल मीटर रीडिंग से अधिक आ रहा है, बार-बार अनुरोध के बाद भी विद्युत बिल में सुधार न होने के फलस्वरूप बिल जमा नहीं कर पा रहे है, जिस पर उन्होंने मौके पर उपस्थित उप खंड अधिकारी विद्युत को निर्देशित करते हुए कहा कि विद्युत बिलिंग व्यवस्था में स्पष्ट निर्देशों के बाद भी सुधार नहीं हो पा रहा है, जिस कारण उपभोक्ताओं को अकारण असुविधा का सामना करना पड़ा रहा है। उन्होंने सचेत करते हुए कहा कि तत्काल विद्युत व्यवस्था सुधारी जाए, किसी की उपभोक्ता को गलत विद्युत बिल के कारण कठिनाई का सामना न करना पड़े, उपभोक्ताओं को समय से सही विद्युत बिल उपलब्ध हो, जो बिल टेक्निकल फाल्ट के कारण जनरेट नहीं हो पा रहे हैं, उन्हें मैन्युअल बनाकर उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराया जाए। पचावर नि. सुनील कुमार, नगला मांधाता नि. पूरन देवी ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्रों के माध्यम से बताया कि बैनामें द्वारा क्रय की गई भूमि पर कब्जा नहीं मिल पा रहा है, जिस पर उन्होंने शिकायतकर्ताओं से कहा कि बैनामा कराने से पूर्व सुनिश्चित करें कि विक्रेता का उक्त गाटा संख्या पर कब्जा है या नहीं, कब्जा होने की दशा में ही भूमि क्रय की जाए, बैनामे के पश्चात विक्रेता से तत्काल कब्जा प्राप्त किया जाए, विवादित भूमि क्रय करने पर पूरी जिम्मेदारी क्रेता की होगी।
आज आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील घिरोर के दूर-दराज ग्रामीण अंचलों से आए 36 फरियादियों ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र जिलाधिकारी के सम्मुख प्रस्तुत किए, जिसमें से 06 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर फरियादियों को तत्काल राहत प्रदान की, शेष शिकायतों को सम्बन्धित अधिकारियों को पृष्ठाकिंत कर निर्धारित समय-सीमा में निस्तारण हेतु उपलब्ध कराया।
पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को सुन उपस्थित थानाध्यक्षों को तत्काल प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता, उप जिलाधिकारी घिरोर प्रसून कश्यप, परियोजना निदेशक डी.आर.डी.ए. सत्येन्द्र कुमार, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, उप कृषि निदेशक नरेन्द्र त्रिपाठी, जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी क्यामुद्दीन अंसारी, जिला कृषि अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार, अधिशाषी अभियंता जल निगम अंकित यादव, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. सोमदत्त, तहसीलदार घिरोर सहित अन्य संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे


















