जानी-मानी कंपनी पेप्सिको को उपभोक्ता फोरम ने बुधवार को नोटिस

रांची : कोल्ड ड्रिंक्स में तेलिया सांप निकलने के मामले में जानी-मानी कंपनी पेप्सिको को उपभोक्ता फोरम ने बुधवार को नोटिस भेजा है। पेप्सिको पर अपर बाजार महावीर चौक के एक जनरल स्टोर के मालिक सुनील कुमार वर्मा ने उपभोक्ता फोरम में मामला दर्ज कराया था। घटना 15 सितंबर की शाम की है। जनरल स्टोर के मालिक ने शिकायत में लिखवाया कि उन्होंने अपनी दुकान से पेप्सिको कंपनी का निंबूज कोल्ड ड्रिंक पिया। दो-तीन घूंट पीते ही उन्हें लगा कि गले में कुछ फंस गया है।
उन्होंने तुरंत हाथों से गले में फंसी चीज को निकाला तो देखा कि वह एक जिंदा तेलिया सांप है। कुछ देर बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी तो परिवार के लोगों ने उन्हें तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें एक दिन इमरजेंसी में निगरानी में रखा। इस दौरान शरीर में दर्द होने के साथ बुखार भी आ गया, उल्टियां भी होने लगी थीं।


















