एक दिन पूर्व लापता हुए व्यक्ति का शव नहर में तैरता मिला

बिजनौर आईरा न्यूज़ नेटवर्क से विकास अग्रवाल
बिजनौर/ शेरकोट। पैसों के लेनदेन को लेकर साडू से हुई कहासुनी के बाद एक दिन पूर्व लापता हुए व्यक्ति का शव थाना क्षेत्र के ग्राम भिककवाला स्थित पोषक नहर से मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया।सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को नहर से निकलवाया।

मोहल्ला चौधरियान निवासी चंद्रपाल सिंह पुत्र कन्हैया लाल (60 वर्ष) की शुक्रवार की अपराह्न लगभग 3 बजे पैसों के लेनदेन को लेकर अपने नहटौर निवासी साढू चेतन सिंह से कहासुनी हो गई थी। उसके व पड़ोसी दुकानदारों द्वारा दोनों को समझा बुझाकर शांत कर दिया गया था। लेकिन दोपहर को तभी चंद्रपाल सिंह दुकान खुली छोड़कर लापता हो गया था। जानकारी मिलते ही परिजनों ने हर सम्भव जगहों पर उन्हें तलाश किया लेकिन कोई पता नही लग सका। चंद्रपाल के पुत्र पवन कुमार ने दोपहर पुलिस को गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। शनिवार की शाम लगभग 6 बजे जब किसान खेतो से लौट रहे थे तो उन्होंने नहर में शव तैरते देखा और पुलिस को सूचना दी।सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को नहर से निकलवाकर उसकी शिनाख्त कराई तो शव शनिवार को लापता हुए चन्द्रपाल के रूप में हुई। मौके पर परिजन भी पहुँच गए।बताया जाता है कि चेतन सिंह से मृतक चन्द्रपाल ने 30 हजार रुपये उधार ले रखे थे। स्थानीय पुलिस ने शव को पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना मिलने पर अपर पुलिस पूर्वी धर्म सिंह, क्षेत्राधिकारी अफजलगढ़ व प्रभारी निरीक्षक शेरकोट सत्येंद्र सिंह ने फोर्स के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र ने बताया कि मामला घरेलू कहासुनी के बाद शराब पीकर नहर में कूदने का प्रतीत होता है।

















