प्रयागराज में एक साल के बच्चे की आंख में घुसा 3 इंच का तार, डॉक्टरों ने जटिल ऑपरेशन कर निकाला

बैटरी वाले खिलौने से खेलते समय एक वर्षीय बालक की आंख में लोहे का तार घुस गया। परिवार के लोग उसे रतन ज्योत नेत्रालय ले गए तो पता चला कि तार तीन इंच तक आंख में घुसा था।
मोतियाबिंद और रेटिना विशेषज्ञ डॉ. आशीष मित्रा ने सहायक चिकित्सकों के साथ मामूली ऑपरेशन करते हुए आंख से तार को निकाला।
डॉ. आशीष मित्रा ने कहा है कि बच्चे अनजान होते हैं। आंखें संवेदनशील होती हैं। सावधानी अभिभावकों को बरतना चाहिए। कई बार छोटी-सी लापरवाही भी आंखों में गंभीर चोट का कारण बन सकती है।
कटरा, मनमोहन पार्क स्थित रतन ज्योत नेत्रालय में बच्चे के ऑपरेशन के बाद डॉ. आशीष मित्रा ने बताया कि बच्चों को ऐसे खिलौने या वस्तुएं नहीं देनी चाहिए जिनके नुकीले या तेज सिरे हों।
तीर जैसे खिलौने, नुकीली पेंसिल, कलम या अन्य कोई भी ऐसी चीज जिससे आंख में चोट लगने की आशंका हो, छोटे बच्चों से दूर रखनी चाहिए।


















