जिलाधिकारी ने उद्योग बन्धुओं की बैठक में समस्याओं को सुना और निस्तारण करने का दिया भरोसा

मंडल प्रभारी आशीष पचौरी
जिलाधिकारी ने उद्योग बन्धुओं की बैठक में समस्याओं को सुना और निस्तारण करने का दिया भरोसा
उद्योग संगठनों के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी का फूल माला, अंगवस्त्र पहनाकर किया जोरदार स्वागत
फिरोजाबाद
जिलाधिकारी डा0 उज्जवल कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कलैक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग व व्यापार बन्धुओं की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी बन्धुओं का स्वागत करते हुए एक-एक कर उनकी समस्याओं को सुना वहीं जिलाधिकारी की इस पहली बैठक में सभी उद्योग व व्यापारी बन्धु अति उत्साहित दिखें। उन्होने जिलाधिकारी का फूल मालाओं व अंगवस्त्र, साफा एवं कांच के बने उत्पादों को उपहार स्वरूप भेंट कर जोरदार स्वागत किया। जिलाधिकारी ने सभी का एक-एक कर परिचय लेते हुए उनकी समस्याओं को गम्भीरतापूर्वक सुना और मौके पर ही उपस्थित सम्बन्धित अधिकारियों को शीर्ष प्राथमिकता पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान व्यापार मण्डल के पदाधिकारियों ने शहर में बढते बन्दरों के प्रकोप व उससे प्रभावित लोगोें एवं बन्दरों के हमले से हुई दो लोगों की मौत से अवगत कराया। इसको जिलाधिकारी ने गम्भीरता से लेते हुए नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह प्रस्ताव बनाकर बन्दरों को पकडने के लिए टेण्डर कराएं और बन्दरों को पकडवाए। इसी प्रकार शिकोहाबाद के व्यापारियों ने बताया कि शिकोहाबाद शहर में आवारा पशुओं की बाढ आ गयी है, इससे सभी शहरवासी बहुत परेशान है, इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका शिकोहाबाद को निर्देश दिए कि वह आज शाम से ही अभियान चलाकर सभी आवारा पशुओं को पकडवाए। व्यापार मण्डल के पदाधिकारियों ने यह भी अवगत कराया कि शहर की प्रमुख शास्त्री मार्केट व चन्द्रशेखर मार्केट जिसमें 250 से अधिक व्यापारियों की दुकानें है, जिसका किराया तो नगर निगम वसूलता है मगर इसका मेंटिनेंस नहीं कराता है, जिससे सीढ़ीया टूट गयी है, अवस्थापना सुविधाऐं उपलब्ध नहीं है। इस पर जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि वह मार्केट के सभी समस्याओं को निस्तारित करते हुए सौन्दर्यीकरण भी कराए।
बैठक के दौरान द एसोसिएशन इण्डस्ट्रीज आंर्नस अध्यक्ष राजकुमार शर्मा ने औद्योगिक क्षेत्र यूपीसीडा में व्याप्त समस्याओं को उठाते हुए कहा कि यूपीसीडा के ठेकेदार द्वारा औद्योगिक व आवासीय क्षेत्र में दिसम्बर 2022 में सड़क निर्माण का कार्य कराया है जिसकी गुणवत्ता खराब है सडक उखड रही है और ठेकेदार ने कुछ सडकोें को बनाने से छोड दिया है। इसके बाद भी विभाग ने ठेेकेदार ने 5 लाख रू0 का पार्ट पेमेंट कर दिया है, जबकि इस सम्बन्ध में मण्डलायुक्त द्वारा ठेकेदार को भुगतान न करने के आदेश मण्डलीय उद्योग बन्धु की बैठक में दिए थे। इसको गम्भीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिए कि वह पीडब्ल्यूडी के साथ संयुक्त समिति बनाकर रोड की गुणवत्ता का परीक्षण करा लें और उसकी रिपोर्ट एमडी यूपीसीडा को भिजवाऐं। राजकुमार शर्मा ने बैठक में यह भी अवगत कराया कि ककरऊ कोटी से नवीन सिक्स लेन तक लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क चौडीकरण का कार्य किया जा रहा है परन्तु सडक के बीच आए बिजली के पोल नही हटाए है, जल निकासी के कारण सड़क के किनारें नाला भी नही बनाया जा रहा है, जिसके कारण आवागमन में सड़क दुर्घटना तथा जल भराव से सडक क्षतिग्रस्त हो सकती है, जिस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियन्ता पीडब्ल्यूडी को निर्देश दिए कि वह सड़क किनारें नाला बनवाएंगे और विद्युत पोल को सिफट कराऐं। बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन, डीएफओ विकास नायक, मुख्य चिकित्साधिकारी नरेन्द्र कुमार, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, जिला आवकारी अधिकारी मनीष कुमार, एआरटीओ राजेश कर्दम सहित सभी सम्बन्धित अधिकारी एवं व्यापार मण्डल व उद्योग संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहें।


















