एनजीटी के रोक के बावजूद बे रोक टोक हो रही बालू के ढुलाई…

आईरा न्यूज़ नेटवर्क : स्टेट हेड
हजारीबाग के कटकमसांडी क्षेत्र में एनजीटी के रोक के बावजूद कटकमसांडी व पेलावल ओपी क्षेत्र में बे रोक टोक बालू की अवैध तस्करी की जा रही है। बालू की तस्करी पुलिस प्रशासन की जानकारी मे हो रही है। कटकमसांडी में बलबल नदी से बालू शहर में सप्लाई करने के पूर्व पबरा मोड़ पर रोज सुबह दर्जनों ट्रैक्टर व टर्बों का जमावड़ा होता है। वहीं कटकमदाग क्षेत्र के नदी नालों से बालू उठाव कर बलियंद कस्तूरीखाप में टर्बो व ट्रैक्टरों का जमावड़ा होता है, जहां से बालू का सप्लाई शहरी क्षेत्र में धड़ल्ले से किया जा रहा है। बालू लदे ट्रैक्टरों के परिचालन से मुहल्ले मे रहने वाले लोगों की नींद में खलल पहुंच रही है। यही नही दो हजार प्रति ट्रैक्टर के दर से बिकने वाले बालू का रेट कमीशनखोरी की वजह से चार हजार के दर से बेचा जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक स्थानीय पुलिस प्रशासन द्वारा प्रति ट्रैक्टर पांच सौ और प्रति टर्बो सात सौ रुपए की वसूली की जा रही है। यह वसूली प्रशासन के करीबी स्थानीय युवकों द्वारा की जाती है। बताया जाता है कि फिलहाल पुलिस वाहन के चालकों द्वारा स्वयं प्रति बालू लदे वाहनों से निर्धारित राशि की वसूली की जा रही है। मालुम हो कि पेलावल ओपी क्षेत्र रोमी, छड़वा, पबरा, पेलावल, गदोखर आदि गांवों में बालू के अवैध तस्करी के साथ साथ अफीम, चरस, गांजा, महुवा शराब, लकड़ी तस्करी, लॉटरी का अवैध खेल धड़ल्ले से जारी है, जिसपर अंकुश लगाने मे स्थानीय पुलिस प्रशासन नाकाम साबित हुआ है। बताया गया कि बड़े पैमाने फर अवैध कार्यो में संलिप्त कारोबारियों तक कानून के लंबे हाथ नहीं पहुंच पाती है। जबकि दूसरी ओर स्थानीय पुलिस नशीली पदार्थों के सेवन करने वाले छोटे तबके के नशेड़ियों को हिरासत मे लेकर जेल भेज कर वाहवाही लूटने का काम कर रही है। इतना ही नही, रात में चलने वाले हाइवा व ट्रकों से छर्री, बालू व अवैध कोयले से भी एकमुश्त राशि की वसूली की जा रही है। कुछ लोगों का यह भी कहना है कि पेलावल ओपी के नाक के नीचे कई अनैतिक काम खुलेआम धंधा हो रहा है। मगर पुलिस कान में तेल डालकर सो रही है।






