अबूधाबी एयरपोर्ट संकट के बीच 90 भारतीय पर्यटक फंसे, इंडियन एम्बेसी से लगाई जल्द भारत बुलाने की गुहार

अबूधाबी एयरपोर्ट संकट के बीच 90 भारतीय पर्यटक फंसे, इंडियन एम्बेसी से लगाई जल्द भारत बुलाने की गुहार
दुबई/अबूधाबी।
संयुक्त अरब अमीरात के ज़ायद इंटरनेशनल एयरपोर्ट, अबूधाबी पर 28 फरवरी को एयरस्पेस अचानक बंद होने और धमाकों जैसी आवाज़ों के बाद पैदा हुए संकट के बीच दिल्ली के 90 भारतीय पर्यटक विदेश में फंस गए। संकट की इस स्थिति में समूह के टूर मैनेजरों ने भारतीय दूतावास से हस्तक्षेप कर यात्रियों को जल्द भारत वापस बुलाने की गुहार लगाई है।

जानकारी के अनुसार अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी, दिल्ली के 90 कर्मचारियों का एक समूह 4 दिवसीय अबूधाबी टूर पूरा कर एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से 28 फरवरी को दिल्ली लौटने वाला था। सुबह करीब 10 बजे सभी यात्री एयरपोर्ट पहुंचकर चेक-इन, इमिग्रेशन और सिक्योरिटी प्रक्रिया पूरी कर बोर्डिंग गेट पर इंतजार कर रहे थे।
इसी दौरान अचानक एयरपोर्ट पर घोषणा हुई कि एयरस्पेस अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। कुछ ही देर बाद कई बार तेज धमाकों जैसी आवाज़ें सुनाई दीं और यात्रियों के मोबाइल फोन पर इमरजेंसी अलर्ट जारी कर सभी को तुरंत शेल्टर एरिया में जाने के निर्देश दिए गए। इससे एयरपोर्ट पर मौजूद हजारों यात्रियों में दहशत फैल गई और अफरातफरी का माहौल बन गया।
समूह के टूर मैनेजर तबरेज़ कय्यूम और आशीष कुंभारे ने स्थिति को संभालते हुए सभी 90 यात्रियों — जिनमें बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल थे — को शांत रहने की अपील की और सुरक्षित शेल्टर में एकजुट रखा।
एयरस्पेस बंद होने के कारण सभी यात्रियों को दोबारा इमिग्रेशन प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। उस समय एयरपोर्ट पर लगभग 4 से 5 हजार यात्रियों की लंबी कतारें लगी थीं। शाम करीब 6 बजे समूह इमिग्रेशन पूरा कर बैगेज एरिया पहुंचा, जहां भारी अव्यवस्था के बीच सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सभी 90 यात्रियों का सामान सुरक्षित प्राप्त किया गया।
बाद में एयरपोर्ट के बाहर परिवहन के लिए भी भारी भीड़ और लंबी कतारें लग गईं। छोटे बच्चों और बुजुर्गों को हो रही परेशानी को देखते हुए टूर मैनेजरों ने एयरपोर्ट सुरक्षा प्रमुख से विशेष सहायता की मांग की, जिसके बाद सुरक्षा टीम ने मानवीय पहल करते हुए समूह के लिए स्कूल बस की व्यवस्था करवाई, जिससे सभी यात्रियों को उनकी कंपनी बस तक सुरक्षित पहुंचाया जा सका।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए समूह को अबूधाबी में न रुकवाकर दुबई के होटल में ठहराया गया, जहां देर रात करीब 12:30 बजे सभी यात्री सुरक्षित पहुंच गए और उनके लिए भोजन व आवास की व्यवस्था की गई।
वर्तमान में सभी 90 भारतीय पर्यटक दुबई के होटल में सुरक्षित हैं, लेकिन एयरस्पेस बंद होने के कारण भारत वापसी की उड़ान अभी तक तय नहीं हो सकी है। इस बीच टूर मैनेजरों ने भारतीय दूतावास से हस्तक्षेप कर जल्द सुरक्षित भारत वापसी सुनिश्चित कराने की अपील की है।
यात्रियों का कहना है कि वे जल्द अपने देश लौटना चाहते हैं और उन्हें उम्मीद है कि भारतीय दूतावास और एयरलाइन मिलकर शीघ्र समाधान निकालेंगे।


















